बलिया : शहर में कोई भूखा न सोए, युवाओं ने उठाया बीड़ा

बलिया। मरहम लगा सको तो किसी गरीब के जख्मों पर लगा देना, हकीम बहुत हैं बाजार में अमीरों के इलाज के खातिर। इन पंक्तियों को चरितार्थ कर रही है बलिया शहर के युवाओं की एक टोली। ये युवा अपने दम पर शहर के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर रोज तीन सौ से अधिक लोगों को निवाला देकर रात में खाली पेट न सोने का इंतजाम कर रहे हैं।
शहर के रेलवे स्टेशन के सामने, बालेश्वरनाथ मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सैकड़ों भिखारी रहते हैं। इन भीड़-भीड़ वाले इलाकों से गुजरने वाले हर शख्स की ओर टकटकी लगाए रहते हैं कि कोई उनकी भूख मिटा दे और वे रात की नींद ले सकें। लेकिन बीते चार महीने से गरीबों व भिखारियों को अब दूसरों को आशा भरी नजरों से नहीं देखना पड़ता। क्योंकि युवाओं की एक टोली हर रोज उनकी फिक्र करती है।
शहर के बालेश्वर मंदिर इलाके के आशुतोष सिंह के साथ दर्जनों युवा हर शाम भोजन लेकर निकलते हैं। मंदिरों, रेलवे स्टेशन व रोडवेज आदि सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद गरीबों को भरपेट भोजन कराते हैं।
शुक्रवार रात बालेश्वरनाथ मंदिर पर बैठे सैकड़ों भिखारियों को भोजन परोस रहे आशुतोष सिंह ने कहा कि हमलोग यह काम चार महीने से कर रहे हैं। इसमें करीब सौ लोग मदद करते हैं। हमारा काम हर सुबह शुरू होता है। हम सुबह से ही इस कोशिश में जुट जाते हैं कि शाम को तीन सौ लोगों के लिए भोजन का इंतजाम कैसे होगा।
उन्होंने कहा कि बाबा बालेश्वरनाथ की कृपा है कि हम हर शाम तीन सौ और कभी-कभी तो इससे भी अधिक लोगों को भोजन कराते हैं। आशुतोष और उनकी टीम की इस मानवीय पहल की शहर में काफी चर्चा है। लोग इनकी खूब सराहना कर रहे हैं।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here