गाजियाबादः मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरी, कई लोग दबे; 50 से ज्यादा घायल

गाजियाबाद मुरादनगर में रविवार दोपहर को उखलारसी श्मशान घाट की छत भरभराकर गिर गई। इसमें कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में कई लोगों की मरने की आशंका जताई जा रही है लेकिन प्रशासन की तरफ से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है। इस हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने श्मशान गए थे।

Advertisement

दयानंद कॉलोनी निवासी दयाराम की रात को बीमारी के चलते मौत हो गयी थी। उनके अंतिम संस्कार में 100  से ज्यादा मोहल्लेवासी व रिश्तेदार शामिल हुए थे। अंतिम संस्कार की अंतिम प्रक्रिया चल रही थी। पुजारी के आह्वान पर सभी लोग श्मशान घाट परिसर में बने भवन के अंदर खड़े होकर आत्म शांति पाठ कर रहे थे। इसी दौरान एक तरफ की जमीन धंस गयी। परिणामस्वरूप दीवार नीचे बैठ गयी और लेंटर गिर गया।

किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला। चीख पुकार के बीच कुछ लोग उसके अंदर ही मलबे में दब गए जबकि कुछ ने दौड़कर अपनी जान बचाई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। भवन ज्यादा पुराना नहीं था। आशंका है कि भराव की जमीन में भवन बना था। अधिक  बारिश में मिट्टी बैठने से घटना हुई है। पुलिस मलबे से जीवित व मृत लोगों को निकालने में लगी है। घायलों को अलग अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छानबीन चल रही है।

रुक-रुक हो रही है बारिश

बता दें कि मुरादनगर में सुबह 3 बजे से साढ़े आठ बजे तक बारिश हुई। बीच मे कुछ देर बंद रही फिर बारिश शुरू हो गयी। जो भवन गिरा है, वह करीब दस साल पुराना है, नगरपालिका ने उसे बनाया था। मुरादनगर की घटना को देखते हुए मोदीनगर में राज चौपला से ट्रैफिक को हापुड़ रॉड की तरफ डायवर्ट कराया गया। ये वाहन भोजपुर से पिलखुवा होकर गाजियाबाद जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here