तेहरान। ईरान के सर्वोच्च धार्मिक गुरु अयातोल्लाह अली खमैनी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का नाम लिए बगैर इशारों-इशारों में बदला लेने की धमकी दी है। दरअसल, खमैनी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इसमें लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति गोल्फ खेलते दिखाई दे रहा है। फोटो के ऊपर लिखा- बदला। विदेशी मीडिया और न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इसे ट्रम्प को धमकी बताया।
इसे ट्रम्प को धमकी इसलिए भी माना जा रहा है कि राष्ट्रपति रहते हुए ट्रम्प ने ही ईरान के सर्वोच्च कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी पर हमले के आदेश दिए थे। 3 जनवरी 2020 को सुलेमानी की कार पर बगदाद में मिसाइल से हमला हुआ था। वे मारे गए थे। ईरान में 3 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया था। जनरल सुलेमानी को ईरान में राष्ट्रपति रूहानी से भी ज्यादा लोकप्रिय माना जाता था। इसके बाद ईरान ने इस कत्ल का बदला लेने का ऐलान किया था।
गोल्फ कोर्स में भी समानता
खमैनी ने गोल्फ खेलते हुए जिस व्यक्ति की फोटो पोस्ट की है, उसमें दो और समानताएं ऐसी हैं जो फोटो का संबंध ट्रम्प से जोड़ती हैं। गोल्फ खेल रहे शख्स के बालों का रंग सुनहरा है। दूसरा गोल्फ कोर्स भी वैसा ही नजर आता है जैसा फ्लोरिडा में ट्रम्प के रिजॉर्ट मार-ए-लेगो में है।

फोटो के ऊपर क्या लिखा गया
इस फोटो के ऊपरी हिस्से में कुछ लिखा गया है। रॉयटर्स ने इसका ट्रांसलेशन दिया है। इसके मुताबिक, खमैनी ने पिछले महीने एक पोस्ट में जनरल सुलेमानी की मौत का जिम्मेदार अमेरिका को ठहराया था। ट्रांसलेशन में कहा गया- जिन लोगों ने जनरल सुलेमानी के कत्ल का हुक्म दिया और जिन्होंने इसे अंजाम दिया, उन्हें अंजाम भुगतना होगा। बदला सही वक्त पर लिया जाएगा।
वैसे, ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ट्रम्प का कार्यकाल खत्म होने के बाद इस उम्मीद में हैं कि नए राष्ट्रपति जो बाइडेन के दौर में ईरान और अमेरिका के बीच संबंध सुधर सकते हैं। रूहानी ने एक बयान में कहा- ओबामा के दौर में 2015 में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौता हुआ था। हमें उम्मीद है कि बाइडेन इसे फिर लागू करेंगे। ट्रम्प ने 2017 में इसे रद्द कर दिया था।