मोदी अहंकारी राजा की तरह, किसानों को देशद्रोही और आंदोलनजीवी बताते हैं : प्रियंका

मुजफ्फरनगर। तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘अहंकारी राजा’ बताया। कहा – सरकार कृषि कानून वापस न लेकर किसानों का अपमान कर रही है। इनसे MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) और मंडियां खत्म हो जाएंगी।

Advertisement

प्रियंका ने कहा- किसान आंदोलन को देश ही नहीं, पूरी दुनिया देख रही है। कभी-कभी लगता है कि हमारे प्रधानमंत्री ऐसे हो गए हैं जैसे एक अहंकारी राजा थे। वे अपने महल से बाहर नहीं निकलते थे। लोग उनसे डरते थे, इसलिए उनके सामने बड़ी-बड़ी बातें कहने लगे। इससे राजा का अहंकार बढ़ता गया। उस अहंकारी राजा की तरह हमारे प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं।

किसानों का अपमान कर रहे हैं मोदी

कांग्रेस नेता ने कहा- 90 दिन से लाखों किसान शांति से बैठकर संघर्ष कर रहे हैं, 215 किसान शहीद हुए। दिल्ली के बॉर्डर को ऐसा बना दिया गया है जैसे देश की सीमा हो। किसानों को देशद्रोही, आतंकवादी, परजीवी और आंदोलनजीवी कहा गया। मेरा मानना है कि किसान हमारे देश का हृदय हैं। हर नेता को इस बात का अहसास होना चाहिए कि जनता उस पर अहसान करती है। मुझे इसका पूरा अहसास है। दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन करने वाले किसानों का अपमान किया गया। जो किसान अपने बेटों को देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर भेजता है उन्हें अपमानित किया गया।

टिकैत के आंसू पर हंस रहे थे मोदी
प्रियंका ने कहा- जब किसान नेता राकेश टिकैत की आंखों से आंसू निकले तो तब मोदी मुस्करा रहे थे। प्रधानमंत्री ने आपके सामने आकर हर चुनाव में ये वादा किया था कि गन्ने का भुगतान आपको दिया जाएगा। क्या ये आपको मिला? उन्होंने कहा था कि आपकी आमदनी दोगुनी होगी। क्या आपकी आमदनी दोगुनी हुई? मंडियों के खत्म होने से सिर्फ चंद खरबपतियों को फायदा होगा। सरकार को यह कानून वापस ले लेना चाहिए।

मुजफ्फरनगर में प्रियंका गांधी ने किसानों का अभिवादन किया।
मुजफ्फरनगर में प्रियंका गांधी ने किसानों का अभिवादन किया।

बॉक्सर बिजेंद्र सिंह बोले- लोगों को दुखी कर कानून वापस लेगी सरकार
मुजफ्फरनगर महापंचायत में बॉक्सर बिजेंद्र सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कहा- हरियाणा में भाजपा की सरकार है। लेकिन, खिलाड़ियों को कोई सरकारी नौकरी नहीं दी गई। जब हरियाणा में कांग्रेस सरकार थी तो मुझे सीओ नियुक्त किया गया था। हरियाणा में एक कहावत है कि बकरी दूध देगी तो मिंगण भी देगी, मतलब ये सरकार कृषि कानून वापस तो लेगी, लेकिन दुखी कर के लेगी।

किसान पंचायत में आए कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा- मैं आपसे मन की बात नहीं करूंगा। क्योंकि इस पर तो प्रधानमंत्री ने कब्जा कर लिया है। जो महाभारत, रामायण और गीता में लिखा है वो आज हमारे देश की राजनीति में हो रहा है।

27 जिलों में महापंचायत अभियान का हिस्सा
यह महापंचायत ‘जय जवान-जय किसान’ अभियान के तहत हो रही है। कांग्रेस ने यूपी के 27 जिलों में कृषि कानूनों के विरोध में अभियान के तहत महापंचायत करने की रणनीति बनाई है। इसकी शुरुआत सहारनपुर से हुई थी।

मौनी आमावस्या के दिन संगम में लगाई डुबकी
11 फरवरी को प्रियंका गांधी और बेटी मिराया प्रयागराज गईं थीं। उन्होंने संगम पर डुबकी लगाई थी। प्रियंका गंगा में नाव चलाते हुए भी नजर आईं थीं। इस दौरान उन्होंने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद से भी मुलाकात की थी। 9 फरवरी को प्रियंका सहारनपुर गई थीं। इस दौरान उन्होंने काला कुर्ता, भगवा गमछा और माथे पर तिलक के साथ पंचायत को संबोधित किया था। सहारनपुर में प्रियंका ने शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा की, फिर एक दरगाह पर गईं थी।

मुजफ्फरनगर में शनिवार को किसान महापंचायत में मौजूद लोग।
मुजफ्फरनगर में शनिवार को किसान महापंचायत में मौजूद लोग।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here