लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शिक्षक दिवस पर रविवार को वर्चुअली प्रयागराज के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रदेश के हर छोटे-बड़े मुद्दे पर सड़क पर उतरकर संघर्ष करने की सीख दी। कहा, जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को सुनें और अपने स्तर पर उन्हें दूर करने का प्रयास करें। अगर कहीं कोई अड़चन-दिक्कत आ रही हो तो मुझे बताएं। इससे जनता का विश्वास और भरोसा जीतने में हम कामयाब होंगे।
इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला भी बोला। कहा, यूपी में योगी के राज में लोकतंत्र को दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस, भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर चर्चा की। कहा कि भाजपा की गलत नीतियों को जनता के बीच ले जाकर मोदी और योगी की पोल खोलनी है। भाजपा के आगे हमारे कार्यकर्ता कहीं से भी कमजोर न पड़ें, इसके लिए यह ट्रेनिंग कराई जा रही है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की ऐसी खेप तैयार करने की योजना है, जो कांग्रेस को जमीनी स्तर पर बढ़त दिला सके। इसी उद्देश्य से प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर बात की।
हम प्रदेश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे
इलाहाबाद हाईकोर्ट के पास और यमुनापार में मेजा रोड के निकट चल रहे प्रशिक्षण शिविर को प्रियंका गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। कहा कि कांग्रेस प्रदेश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। यूपी में योगी के राज में लोकतंत्र को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस लड़ाई में कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरकर संघर्ष करना होगा। जनता के लिए लड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के आगे हमारे कार्यकर्ता कहीं से भी कमजोर न पड़ें, इसके लिए यह ट्रेनिंग कराई जा रही है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ट्रेंड कार्यकर्ता तैयार करना है। कार्यकर्ता गांव-गांव जाए कांग्रेस का संदेश पहुंचाएं और उनकी समस्याओं को दूर कराने का प्रयास करें।

ट्रेनिंग कैंप में और क्या हुआ?
- कैंप में बूथ प्रबंधन सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
- कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में वार्ड अध्यक्ष, न्याय पंचायत अध्यक्षों की 11 सदस्यीय कमेटी तैयार की जा रही है।
- इस बार चुनाव प्रत्याशी नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ता हर बूथ पर दमदारी से लड़ेगा। इस बार हम भाजपा को प्रदेश में कड़ी चुनौती देंगे और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।
- जिला कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि शिविर में 323 नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण लिया है।
प्रदेशभर में 700 ट्रेनिंग कैंप लगाए जाएंगे
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेसी अपनी तैयारी में जुटी हुई है। इसी कड़ी में प्रशिक्षण महा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश भर में 700 ट्रेनिंग कैंप लगाए जाने हैं। इन ट्रेनिंग कैंपों के माध्यम से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 2 लाख पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में अब तक 63 जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। प्रयागराज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी का हिस्सा था।













