लखनऊ के रेड जोन में नहीं उठ रहा कूड़ा, फूट पड़ा स्थानीय लोगों का गुस्सा

लखनऊ। लखनऊ के रेड जोन फूलबाग में आज फिर से कूड़ा नहीं उठा और स्थानीय लोगों का इसपर गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले 5 दिनों से कूड़ा प्रबंधन नहीं हो पा रहा है। फूलबाग इलाके में रहने वाले हेमंत कौशल ने बताया कि वह सिविल डिफेंस में डिप्टी डिवीजनल वार्डन के रूप में कार्य देख रहे हैं। वह स्वयं क्षेत्र और अपने डिवीजन की सुरक्षा दृष्टिकोण से हर बिंदु प्रशासन तक पहुंचाते हैं। बावजूद इसके नगर निगम के कर्मचारियों की लापरवाही लगातार पांचवें दिन उन्हें दिखाई दे रही है। कूड़े का ढेर उनके क्षेत्र और घर के सामने पड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना नगर निगम के अधिकारियों को दी गई लेकिन उनके कानों में जूं तक नहीं रेंगी है। इससे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है। कूड़ा प्रबंधन ना होने से क्षेत्र में हुए स्वच्छता छिड़काव का भी कोई फायदा नहीं है। इस बाबत नगर निगम जोन 1 के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कोरोना महामारी से चल रही लड़ाई में अपनी व्यस्तता की जानकारी दी।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here