गरीब विरोधी योगी सरकार कांग्रेस के सेवाभाव से बौखलायी-पंकज मलिक

लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिम जोन पंकज मलिक ने शनिवार को कहा कि कोरोना आपदा में दिन-रात पार्टी कार्यकर्त्ता गरीब, मजदूर, प्रवासी भाई-बहनों की सेवा कर रहे हैं। वहीं गरीब विरोधी योगी सरकार हमारी सेवाभाव से बौखला गयी है और हमारे नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है। हम इन मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में दो दिन के भीतर योगी सरकार ने कई मुकदमे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाद दिये हैं। फिर भी कांग्रेसजन जनता की सेवा से पीछे नहीं हटेंगे। जनता की सेवा करना ही इस आपदा में सच्ची राजनीति है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी कामगारों के लिए हम बसें चलाना चाहते थे। लेकिन, योगी सरकार ने अपनी कुटिल राजनीति के चलते उसे रोक दिया। हमारे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को मजदूरों की सेवा के अपराध में जेल भेज दिया गया। पंकज मलिक ने कहा कि मेरे खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि इलाहाबाद में पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह समेत 13 अन्य, प्रदेश महासचिव बीरेंद्र गुड्डू, सीतापुर जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी, पूर्व मंत्री रामलाल राही, मंजरी राही समेत 12 अन्य, जालौन जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा, गौतमबुद्धनगर महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन, मिर्जापुर जिलाध्यक्ष शिवकुमार पटेल, कैलाश नाथ उपाध्याय, गुलाबचंद पाण्डेय, पंकज पटेल, मोनू पटेल, संतोष, आशीष पटेल, लवकुश भारती, शिवम पटेल समेत 25 अन्य अज्ञात कांग्रेसजनों पर फर्जी मुकदमे दर्ज हुये हैं। लेकिन, इसके बावजूद कांग्रेस का सेवा कार्य नहीं रुकेगा।
67 लाख लोगों तक मदद पहुंचाने का दावा
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्वी जोन वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि इस महामारी में हम लोगों ने 67 लाख लोगों तक मदद पहुंचायी है। 40 जगहों पर हाइवे पर खाना, नाश्ता, गुड़ बांटा जा रहा है। 22 जिलों में साझी रसोईयां चल रही हैं। इस आपदा में हम अपनी पूरी शक्ति लगाकर जनसेवा कर रहे हैं। सरकार के कायराना दमन से हम नहीं डरेंगे।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here