नई दिल्ली। पाकिस्तान जिन जगहों से ट्यूब लॉन्च ड्रोन के जरिए भारत में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था, उन जगहों को भारतीय सेना ने नष्ट कर दिया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी चौकियों और आतंकवादी लॉन्च पैड्स को ध्वस्त कर दिया है।
रक्षा सूत्रों ने एएनआई को बताया कि पाकिस्तान में कम से कम चार एयरबेसों को भारतीय हमलों का निशाना बनाया गया है। भारतीय सेना ने इलाके में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली भी सक्रिय कर दी है।
शुक्रवार की रात पाकिस्तान ने भारत के 26 जगहों को निशाना बनाकर ड्रोन से हमला किया था। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सभी ड्रोनों को नष्ट कर दिया था। फिलहाल LOC पर कई जगहों पर रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है।
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। इसके अलावा जवाबी कार्रवाई में भारत ने जम्मू के पास पाकिस्तानी पोस्ट और आतंकी लॉन्च पैड तबाह कर दिए। ड्रोन यहीं से दागे जा रहे थे।
पाकिस्तान ने शुक्रवार को रात 7.47 से रात 10.57 के बीच पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के 26 शहरों में 550 से ज्यादा ड्रोन दागे। इस हमले को आर्मी ने नाकाम कर दिया।
भारतीय विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय आज सुबह 10:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसमें भारतीय ऑपरेशंस की जानकारी दी जा सकती है। पाकिस्तान ने शनिवार सुबह फिर जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और गुजरात में हमला किया। राजौरी, पुंछ और जम्मू में भी भारी गोलाबारी की गई। राजौरी के प्रशासनिक अफसर समेत 5 लोगों की गोलाबारी में मौत हो गई।
जम्मू शहर में भी भी हवाई हमला जारी है। कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान बॉर्डर से लगे श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में रेड अलर्ट है। चंडीगढ़ और अंबाला में हवाई हमले की चेतावनी दी गई है। बाड़मेर के गिड़ा इलाके में मिलाइल जैसी चीज गिरी है। इसे लेकर जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार ने कहा- बालोतरा में संदिग्ध वस्तु गिरी है। यह 15 फीट लंबा सॉलिड मलबा है। इसे लेकर सेना और वायु सेना से संपर्क किया जा रहा है। सावधानी के तौर पर लोगों को दूर रहने को कहा गया है। आबादी के पास ही है। यह खतरनाक हो सकता है। सुरक्षाबल निपट रहे हैं। कहीं नुकसान नहीं होने दिया जा रहा है। लोग निश्चिंत रहें।
रक्षा अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान ने अमृतसर के रिहाइशी इलाकों में बाइकर YIHA III कामिकेज ड्रोन लॉन्च किए। आज सुबह 5 बजे सेना की एयर डिफेंस गन ने इन्हें मार गिराया।
पाकिस्तान की ओर से भारत के S-400 डिफेंस सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की बात कही जा रही थी। दैनिक भास्कर को डिफेंस के अफसर ने बताया कि ये खबर फेक है। भारत ने रूस से मिले इसी S-400 डिफेंस सिस्टम से पाकिस्तान के ड्रोन हमलों को नाकाम किया है।