पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती बिहार के मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोल रही हैं।
सोमवार को मायावती ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट कर जहां कानून व्यवस्था का हवाला देकर एनडीए सरकार पर सवाल उठाए, वहीं यह भी साफ कर दिया कि बसपा बिहार में अपने दम पर सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में दलितों, पिछड़ों, शोषितों, गरीबों और उनकी महिलाओं के खिलाफ शोषण के मामले हमेशा चर्चा में रहते हैं। लेकिन चुनाव से ठीक पहले गोपाल खेमका की हत्या ने राज्य में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति के साथ-साथ राज्य की राजनीति को भी गरमा दिया है।
अगर चुनाव आयोग अभी संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करे तो चुनाव शांतिपूर्ण होंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग को रोकने और धनबल व अपराध मुक्त चुनाव कराने की अपील की है।












