प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर नई दिल्ली के लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र के नाम अपना लगातार 12वां संबोधन दिया। इस दौरान पीएम मोदी भगवा पगड़ी और भगवा रंग की सदरी पहने नजर आए पीएम मोदी ने 103 मिनट लंबा संबोधन देश के नाम दिया। बता दें पीएम मोदी लाल किले की प्राचीर से सबसे अधिक बार तिरंगा फहराने वाले तीसरे प्रधानमंत्री हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कई बड़ी योजनाओं का भी एलान किया। पीएम ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और जीएसटी रिफार्म का एलान किया है।
इस वर्ष का विषय ‘नया भारत’ है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी जश्न मनाया जा रहा है। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत की सैन्य प्रतिक्रिया, ऑपरेशन सिंदूर की योजना और क्रियान्वयन में शामिल वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सम्मानित किया गया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शुक्रवार को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं हुए। विपक्षी दल या दोनों नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
पीएम मोदी ने कहा, “देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करने जा रहा है। ये सुदर्शन चक्र पावरफुल वेपन सिस्टम होगा, जो दुश्मन के हमले को ध्वस्त तो करेगा ही लेकिन साथ ही कई गुना ज्यादा दुश्मन पर हिटबैक भी करेगा। हम सुदर्शन चक्र मिशन को अगले दस साल में प्रखरता से आगे बढ़ाएंगे. इसके तहत 2035 तक देश के सभी महत्वपूर्ण स्थलों को इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच से कवर किया जाएगा। इस सुरक्षा का कवच लगातार विस्तार होता जाएगा।
पीएम मोदी बोले, “देश का हर नागरिक सुरक्षित महूसस करे। इसके लिए मैं 2035 तक इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार देना चाहता हूं इसलिए श्रीकृष्ण से प्रेरणा पाकर हमने सुदर्शन चक्र की राह को चुना है”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में डेमोग्राफी बदल रही है। उन्होंने कहा, हम अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकते। घुसपैठिए, आदिवासियों को भ्रमित करते हैं। वे आदिवासियों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं। मैं देश को इस चुनौती से आगाह करना चाहता हूं। हमने इसके लिए हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का फैसला किया है।
लाल किले की प्राचीर से बोलेते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज से 100 साल पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का जन्म हुआ। सेवा, समर्पण, संगठन और अनुशासन आरएसएस की पहचान रही है। आरएसएस मां भारती के कल्याण का लक्ष्य लेकर चला है। यह दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है। इसका 100 साल का इतिहास है। मैं आज लाल किले की प्राचीर से आरएसएस की 100 साल की इस यात्रा में सभी स्वयंसेवियों को नमन करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा, “किसानों की मेहनत रंग ला रही हैं। उत्तम और उन्नत खाद, पानी, बीज उपलब्ध है। हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मछली और सब्जी उत्पादक हैं। हमारे उत्पाद दुनिया के बाजार में छाए हैं। किसानों को फसल बीमा का भरोसा है। पीएम धन-धन्य कृषि योजना जिनमें देश के 100 एस्पिरेशन जिले होंगें, वहां किसानों को मदद मिलेगी।”
पीएम ने कहा, “मोदी दीवार किसानों, मछुआरों और कामगार नागरिकों के हित में बनकर खड़ी है। सरकार फाइलों में नहीं देश के नागरिकों की लाइफ में चलनी चाहिए। सरकार की योजनाएं तो पहले भी आती थीं। हमने उनको जमीन पर उतारा है। हमने लोगों के विश्वास जगाया। आयुष्मान भारत योजना ने बीमारियों और स्वस्थ जीवन के भरोसे से जीना सिखाया है। पीएम स्वनिधि योजना बदलाव की धारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही हैं।”
पीएम मोदी ने कहा, “हमें नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। हमारा मकसद अब हर तरह का सुधार है। इस दिवाली में आपकी डबल दिवाली करने वाला हूं। बड़ा तोहफा देशवासियों को मिलने वाला है। समय की मांग है कि जीएसटी की दरों की समीक्षा हो। हम नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रहे हैं। इससे सामान्य लोगों के लिए टैक्स कम होगा। जीएसटी की दरें भारी मात्रा में कम होंगी।”










