नेपाल जाने लगी जरूरी सामान की खेप, सप्तरी में कर्फ्यू में दी गई ढील

 वीरगंज (नेपाल)। नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद वहां चल रही अंतरिम प्रधानमंत्री चुनने की कवायदों के बीच पांचवें दिन भारतीय इलाके से नेपाल जानेवाली आवश्यक सामग्रियों की खेप पहुंचने लगी है।

Advertisement

वहीं कर्फ्यू में मिली पहली छूट के बाद नेपाल में फंसे लोग भी अपने-अपने घरों को वापस लौटने लगे हैं। हालांकि अभी वाहन नहीं चल रहे हैं। लोगों को पैदल ही आना पड़ रहा। सुबह छह बजे से दस बजे तक नेपाल व भारत दोनों देशों की ओर से लोगों की आवाजाही हो रही है।

भारतीय सीमा से होकर नेपाल की ओर अभी भी उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति है जो नेपाल के नागरिक हैं। शेष आपात स्थिति वालों को आवाजाही की इजाजत है। कड़ी सुरक्षा के बीच भोजन से जुड़ी आवश्यक चीजें पहुंच रहीं नेपाल के गांव व शहरों में।

आंदोलन के बाद की स्थिति गुरुवार की सुबह नेपाल के वीरगंज में सामान्य होती नजर जरूर आईं, लेकिन अब भी रोजी-रोजगार का संकट लोगों के लिए मुश्किल खड़े कर रहा है। खासकर वैसे लोगों को ज्यादा परेशानी हैं जो मजदूरी पर निर्भर हैं।

लोगों के सामने समस्या यह है कि ताजा परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अपने घरों में ही दुबक कर रहना पड़ रहा है। नतीजतन वो अपनी कमाई नहीं कर पा रहे।

हालात पर काबू पाने के बाद देश में सामान्य स्थिति बनाने में जुटी सेना

नेपाल के सभी इलाकों में जेन-जी आंदोलन के कारण बनी अफरा-तफरी की स्थिति पर काबू पाने के बाद यहां की सेना देश में सामान्य स्थिति बनाने में लगी है। आम आदमी को कोई परेशानी नहीं हो, सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचे, इसके लिए लगातार गश्त लगाई जा रही।

सुबह में छह से दस बजे व शाम सात से दस बजे तक आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को ढील दी गई है। सुबह दस से शाम सात बजे तक सभी इलाकों में कर्फ्यू बहाल रखा जा रहा है।

दो विदेशी हिरासत में

नेपाल में हुए आंदोलन के दौरान अगजनी के बाद इंडो नेपाल बॉर्डर ख़ौना में एसएसबी ने एक नाइजेरियन व एक ब्राजील के नागरिक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार विदेशी नागरिकों ने प्रारम्भिक पूछताछ में बताया की वे नेपाल घूमने आए थे। जिस होटल में रुके उसमें अगजनी कर दी गई। जिसमें उनका सभी सामान पासपोर्ट वीजा जल गया। अपनी जान बचाकर वे किसी तरह भारतीय सीमा में प्रवेश किए। मामले को लेकर IB के अधिकारी पूछताछ में जुटे।

सप्तरी में शाम 7-10 और सुबह 6-10 तक कर्फ्यू में ढील रहेगी।

नेपाल के रक्षा मंत्रालय से जारी पत्र के अनुसार जनकपुर, सिरहा में शुक्रवार के दिन सुबह छह बजे से ग्यारह बजे के बीच अति आवश्यक कारणों से बाहर निकल सकते हैं। ग्यारह से चार बजे के बीच निषेध अर्थात सरकारी कर्मियों को पहचान पत्र दिखाकर आवागमन किया जा सकता हैं।

पुनः शाम पांच बजे से सात बजे के बीच आवश्यक कार्यों से बाहर निकल सकते हैं। वहीं साथ बजे शाम से शनिवार की सुबह तक पूर्ण रूप से कर्फ्यू जारी रहेगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here