अभिनेत्री दिव्या खोसला फिल्म के प्रोमोशन के लिए आज लखनऊ पहुंचीं। फिल्म ‘एक चतुर नार’ के प्रोमोशन में अभिनेत्री के साथ निर्देशक उमेश शुक्ला मौजूद रहे। हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन पर फिल्म के प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत की। फिल्म 12 सितंबर को सिनेमाघर में रिलीज हो चुकी है, जो एक डार्क कॉमेडी थ्रिलर फिल्म है।
फिल्म में दिव्या के साथ एक्टर नील नितिन मुकेश मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। उमेश शुक्ला के निर्देशन में टी-सीरीज के बैनर तले फिल्म बनी है। फिल्म के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर ने बताया कि यह दिव्या के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने बेटे और सास के साथ लखनऊ की एक चॉल में रहती हैं।
पति के द्वारा लिए गए कर्ज की वजह से ममता बाहुबली ठाकुर से छिपती रहती हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक बिजनेसमैन ( नील ) से हो जाती है। आगे कैसे उनकी जिंदगी बदलती है, इसको देखने के लिए फिल्म देखना पड़ेगा।

शादीशुदा महिला का संघर्ष दिखाया गया है
फिल्म के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री दिव्या ने कहा कि इस फिल्म को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर काफी ज्यादा पसंद किया जा रहा है। शानदार रिस्पांस मिल रहा है। उम्मीद करते हैं कि आगे भी यह फिल्म धमाल मचाएगी। फिल्म बनाते समय युवाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
इस फिल्म में एक शादीशुदा महिला का संघर्ष दिखाया गया है। दिव्या ने बताया कि लखनऊ में फिल्म प्रमोशन कर रही हैं। फिल्म की शूटिंग भी यहां हुई है। यह शहर उन्हें बेहद पसंद है। यहां की ऐतिहासिक इमारतें और लजीज खाना दिल के बहुत करीब है। जब भी लखनऊ आती हैं, तो यहां के अलग-अलग डिश ट्राई करती हैं।
यहां की चिकन कुर्ते भी काफी पसंद हैं। शहर में फिल्म की शूटिंग करना और यहां आना हमेशा खास रहता है।












