मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाया। राहुल ने कहा- हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी हुई। हर आठ में से एक वोट चोरी किया गया। ये बीजेपी और इलेक्शन कमीशन का सिस्टम है। मध्य प्रदेश में भी ऐसा हुआ है। हमारे पास सबूत हैं, जो हम आहिस्ते आहिस्ते दिखाएंगे।
राहुल ने कहा- मेन मुद्दा वोट चोरी है, जिसे अब विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से कवर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मिलकर लोकतंत्र का नुकसान कर रहे हैं।
इससे पहले रविवार सुबह राहुल गांधी ने पचमढ़ी में जंगल सफारी की। वे सुबह 6:14 बजे रविशंकर भवन से काफिले के साथ निकले। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पनारपानी गेट तक 10 किलोमीटर अपनी गाड़ी में सफर किया। फिर खुली जीप में पनारपानी और बारासेल तक घूमे। 8:56 बजे रविशंकर भवन लौटे।
रविशंकर भवन में पार्टी पदाधिकारियों से बात करने के बाद राहुल, गांधी चौक पहुंचे। जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां मौजूद बच्चों से भी मिले।





राहुल गांधी सत्र में करीब 45 मिनट के संबोधन के बाद जुजुत्सु की ड्रेस पहनकर ट्रेनिंग हॉल में पहुंचे। राहुल ने जुजुत्सु का अभ्यास करके जिला अध्यक्षों को सिखाया कि अगर कोई आदमी आपको मार रहा है तो उसकी तरफ ध्यान मत दीजिए। उसे गले लगाइए। आपकी पकड़ जमीन पर इतनी मजबूत होनी चाहिए कि आपका ध्यान भटकाने की कोशिश करने वाले का प्रयास असफल हो जाए।
राहुल ने 4-4 जिला अध्यक्षों को बुलाकर बताया कि कैसे अपने पैर जमीन पर मजबूत करें। राहुल ने विदेश नीति पर बोलते हुए सुपर पावर के बारे में बताया। राहुल ने कहा- सुपर पावर बनने की जंग में अमेरिका और चीन के बीच भारत कठपुतली बन रहा है। अमेरिका में राष्ट्रपति नहीं, सेना पावरफुल है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला अध्यक्षों ने राहुल गांधी से कहा था कि हमें यह आशंका रहती है कि हमारे काम का मूल्यांकन होगा या नहीं?
इस पर राहुल गांधी ने कहा था- आप रिपोर्टिंग और इवेलुएशन की चिंता मत कीजिए। मैं आप लोगों के काम पर खुद नजर रखूंगा। आप अपनी चिंता छोड़िए, सिर्फ काम पर ध्यान दीजिए। आपकी चिंता पार्टी करेगी।
इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों के सामने जुजुत्सु का अभ्यास करते हुए बताया था कि अपनी जमीन पर पकड़ कैसे मजबूत होनी चाहिए। राहुल ने कहा- आपके पैर मजबूती से जमीन पर रहने चाहिए। यदि जमीन छोड़ दी तो आपकी पकड़ कमजोर हो जाएगी।
राहुल बोले- असली ताकत नेताओं की परिक्रमा से नहीं मिलती। ताकत जनता के बीच पकड़ मजबूत करने से मिलेगी।
मध्य प्रदेश बीजेपी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पचमढ़ी यात्रा पर तंज कसा है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा- शहजादे को बिहार में जब स्पष्ट दिखने लगी करारी हार…तो संगठन विसर्जन के बहाने दौड़े आए मध्य प्रदेश में करने पचमढ़ी विहार।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 4 नवंबर को नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हुआ। इसको लेकर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले, मैंने हरियाणा पर एक प्रेजेंटेशन दिया था और मैंने साफ तौर पर देखा कि वोटों की चोरी हो रही थी… 25 लाख वोट चोरी हुए, यानी 8 में से 1 वोट चोरी हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसे देखने के बाद, आंकड़ों को देखने के बाद, मेरा मानना है कि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी यही हुआ। यही भाजपा और चुनाव आयोग (चुनाव आयोग) की व्यवस्था है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि हमारे पास और सबूत हैं, जो हम धीरे-धीरे उपलब्ध कराएंगे। लेकिन मेरा मुद्दा वोटों की चोरी का है। अब एसआईआर का काम इसे छुपाना और व्यवस्था को संस्थागत बनाना है।
राहुल गांधी से जब यह पूछा गया कि क्या वह भविष्य में इस तरह के और विवरण उजागर करेंगे। इसको लेकर राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास “काफी अलग-अलग जानकारियां, बहुत विस्तृत जानकारी” है और वे इसे जारी करेंगे। अभी तो बहुत कम जानकारी ही दिखाई गई है।
लोकतंत्र पर हमला हो रहा
उन्होंने आरोप लगाया, “लेकिन मेरा मुद्दा यह है कि लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, अंबेडकर के संविधान पर हमला हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश मिलकर सीधे तौर पर ऐसा कर रहे हैं। इससे देश को बहुत नुकसान हो रहा है।













