बिहार चुनाव में मतदान के बाद अब सभी लोगों की नजर 14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी है। इस बीच मतगणना से एक दिन पहले गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार भारी बहुमत के साथ महागठबंधन की सरकार बन रही है। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों और चुनाव आयोग से निष्पक्ष मतगणना कराने की अपील की।
तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर महागठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद कहा, “बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया है। हमारे कार्यकर्ता मतदान केंद्र पर मुस्तैद हैं और चौंकन्ने हैं। अगर कोई 2020 की तरह कोई अधिकारी गलत काम करेगा, अन्याय करेगा या किसी के इशारे पर काम करेगा, तो जनता पांव पर खड़ी है। जो ईमानदारी से काम करेगा, तो उन्हें डरने की आवश्यकता नहीं है।” उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे निष्पक्ष तरीके से मतगणना कराएं। बीजेपी के लोग डरे हुए हैं, बेचैन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।













