बलरामपुर के रमीज नेमत ने कैसे लालू परिवार में मचा दिया कोहराम?

बलरामपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को मिली करारी हार के बाद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एनडीए को मिली 202 सीटों की जीत ने जहां बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी, वहीं राजद के अंदरूनी मतभेद ने नया राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने का चौंकाने वाला ऐलान कर दिया।

Advertisement

रोहिणी ने अपने पोस्ट में तेजस्वी यादव के दो बेहद करीबी सहयोगियों संजय यादव और रमीज नेमत पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दोनों ने ही उन्हें राजनीति और परिवार से दूर रहने के लिए मजबूर किया। ऐसे में बलरामपुर के रमीज नेमत की चर्चा तेज हो गई है। रोहिणी का आरोप है कि उसने ऐसे हालात पैदा कर दिए, जिस कारण उन्हें अपना परिवार छोड़ना पड़ गया।

कौन हैं रमीज नेमत?

रोहिणी आचार्य ने जिस रमीज नेमत का जिक्र किया, वह भी तेजस्वी के पुराने मित्रों में से एक हैं। वे राजद की सोशल मीडिया टीम को संभालते हैं। रमीज मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के रहने वाले हैं। वे पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं। उन्होंने दिल्ली में पढ़ाई की है। उन्होंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद जामिया मिलिया इस्लामिया से एमबीए किया है।

रमीज नेमत की तेजस्वी और संजय दोनों के साथ स्कूल के समय से ही दोस्ती है। रमीज झारखंड की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल चुके हैं। तेजस्वी ने इनके साथ क्रिकेट के मैदान में काफी समय बिताया था। अब रमीज तेजस्वी की कोर टीम में सोशल मीडिया, मैनेजमेंट और कैंपेन प्लानिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं।

रमीज नेमत गंभीर आरोपों में घिरे रहे हैं। रमीज का नाम विवादों में इसलिए आया, क्योंकि उन पर कई आपराधिक आरोप लगे हैं। वर्ष 2022 में तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन की हत्या की साजिश का आरोपी बनाया गया था। इसके अलावा एक ठेकेदार की हत्या के मामले में भी नामजद हैं। योगी सरकार ने रजीत पर एनएसए और गैंगस्टर एक्ट लगाया था। वे कई महीनों तक जेल में बंद रहे। इसी साल बेल पर रिहा हुए थे।

रोहिणी की ओर से री-पोस्ट किए गए एक पोस्ट में रमीज को ‘गैंगस्टर मानसिकता वाला’ बताया गया है। पोस्ट में कहा गया कि वह संजय यादव के लिए सक्रिय रूप से काम करता है।

क्रिकेट मैदान से राजनीति तक

तेजस्वी यादव, संजय यादव और रमीज तीनों के बीच दोस्ती का रिश्ता वर्षों पुराना है। तीनों ही क्रिकेट से जुड़े रहे हैं। तेजस्वी यादव आईपीएल तक पहुंचे। संजय भी क्रिकेटर रह चुके हैं और रमीज ने झारखंड की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला। इसी दोस्ती ने बाद में राजनीतिक टीम का रूप ले लिया। हालांकि, अब रोहिणी आचार्य के पोस्ट से हंगामा गया है। पटना से लेकर दिल्ली और बलरामपुर तक राजनीति गरमाई हुई है। वहीं। रमीज नेहत की चर्चा खूब हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here