संसद सत्र के बीच राहुल गांधी के जर्मनी दौरे पर कांग्रेस ने दी सफाई

नई दिल्ली: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के संसद सत्र के दौरान जर्मनी यात्रा पर घमासान छिड़ा हुआ है। अब इस मामले में कांग्रेस ने सफाई पेश की है। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दुनिया भर की 117 प्रगतिशील पार्टियों के एक प्रमुख समूह ‘प्रोग्रेसिव एलायंस’ के निमंत्रण पर जर्मनी का दौरा कर रहे हैं और संसद के शीतकालीन सत्र के बीच में उनकी विदेश यात्रा पर सवाल उठाने का कोई औचित्य नहीं है।

Advertisement

कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने गांधी की यात्रा की आलोचना करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी बैठक होती है, तो कभी-कभी किसी को उनका निमंत्रण स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसे कहां जाना चाहिए, इसका निर्णय सोच-समझकर और विवेक से लिया जाता है। यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है कि जब यहां आवश्यकता हो, जब देश में रहने की आवश्यकता हो, तो यहीं रहा जाए।’’

खुर्शीद ने कहा, ‘‘लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी बैठक होती है, या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होता है, तो हम भारत में बैठकर उसकी तारीखें और समय तय नहीं कर सकते हैं और इसलिए कभी-कभी कोई उन्हें स्वीकार करने के लिए मजबूर हो जाता है।’’ सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी बुधवार सुबह जर्मनी पहुंचेंगे। वह भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगे और साथ ही जर्मन सरकार के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here