नए साल पर डेढ़ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देगी योगी सरकार!

लखनऊ। प्रदेश के युवाओं के लिए खुशखबरी है। वर्ष 2026 में करीब डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां मिलने वाली है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च स्तरीय बैठक में सभी विभागों से रिक्त पदों का विवरण मांगा था। पुलिस और शिक्षा जैसे प्रमुख विभागों में सबसे अधिक नियुक्तियां हो सकती हैं।

Advertisement

अभी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राजस्व परिषद में 7994 लेखपाल भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। पुलिस, शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार सहित कई विभागों में अवसर मिलने वाला है। अधिकारियों के अनुसार, सबसे ज्यादा भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी, जहां करीब 45 से 50 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी है।

प्रदेश सरकार पहले ही बीते साढ़े आठ वर्षों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुकी है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब अगले साल भर्ती अभियान को और तेज किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2026 में राजस्व विभाग में लेखपाल समेत करीब 20 हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे।

पुलिस विभाग में भर्ती का आंकड़ा सबसे बड़ा रहने वाला है। सरकार अब तक पुलिस में 2.19 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां कर चुकी है। वर्ष 2026 में पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर भर्तियां प्रस्तावित हैं।

शिक्षा विभाग में भी नियुक्तियां होंगी। सहायक अध्यापक से लेकर लेक्चरर और प्रधानाचार्य जैसे पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, आवास विकास, कारागार और बाल विकास पुष्टाहार जैसे विभागों में भी करीब 30 हजार रिक्त पदों को भरा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here