वॉशिंगटन: वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको, क्यूबा और कोलंबिया की सरकारों को सीधी धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि इन देशों को भी अमेरिका की सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिका ने शनिवार सुबह तड़के वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर हमला किया था, जिसमें देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया। निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़कर न्यूयॉर्क ले जाया गया है। ट्रंप ने कहा है कि मादुरो पर अमेरिका में मुकदमा चलाया जाएगा। उनके ऊपर मैनहट्टन की संघीय अदालत में ड्रग्स और हथियारों को लेकर आरोप लगाए जाने की उम्मीद है।
क्यूबा को ट्रंप ने कहा नाकाम देश
फॉक्स न्यूज के अनुसार, जब ट्रंप से पूछा गया कि क्यूबा को वेनेजुएला ऑपरेशन को कैसे समझना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि ‘मुझे लगता है कि क्यूबा एक ऐसी चीज है जिसके बारे में हम बात करेंगे, क्योंकि क्यूबा अभी नाकाम देश है।’ ट्रंप ने कहा कि वह क्यूबा के लोगों की मदद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘हम क्यूबा के लोगों की मदद करना चाहते हैं, लेकिन हम उन लोगों की भी मदद करना चाहते हैं जिन्हें क्यूबा से बाहर निकाल दिया गया और जो इस देश में रह रहे हैं।’
कोलंबिया के पेट्रो पर भड़के ट्रंप
ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को भी निशाने पर लिया और उनके देश पर अमेरिका में ड्रग्स भेजने का आरोप लगाया। ट्रंप ने दावा किया कि कोलंबिया में इस समय कम से कम तीन बड़ी कोकीन फैक्ट्रियां काम कर रही हैं। ट्रंप ने कहा, ‘वह कोकीन बना रहे हैं। वे इसे अमेरिका भेज रहे हैं। इसलिए उन्हें अपनी खैर मनानी चाहिए।’ पेट्रो ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की निंदा की है और इसे संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का उल्लंघन बताया है।
मेक्सिको को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने मेक्सिको के बारे में भी बात की और आरोप लगाया कि राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम का अपने देश पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने मेक्सिको में ड्रग कार्टेल के हावी होने का दावा किया। ट्रंप ने कहा, वह कार्टेल से बहुत डरी हुई हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘वे (कार्टेल) मेक्सिको को चला रहे हैं। मैंने कई बार उनसे पूछा है कि क्या आप चाहती हैं कि हम कार्टेल को खत्म कर दें। (वो कहती हैं) नो, नो, नो, मिस्टर प्रेसिडेंट, नो, नो, नो, प्लीज। इसलिए हमें कुछ करना होगा।’
वेनेजुएला पर हमले करने का फैसले को लेकर डोनाल्ड ट्रंप को घर में ही आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ने एक्ट ऑफ वॉर करार दिया है। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ममदानी ने खुलकर अमेरिकी मिलिट्री कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठाया है। संयुक्त राष्ट्र, रूस, चीन और दुनिया के बड़े हिस्से से भी अमेरिका के वेनेजुएला पर हमले की कड़ी निंदा की गई है।
जोहरान ममदानी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मुझे आज सुबह अमेरिकी सेना के वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़े जाने और न्यूयॉर्क में संघीय हिरासत में उन्हें जेल में डालने की योजना के बारे में जानकारी दी गई। किसी संप्रभु देश पर एकतरफा हमला करना युद्ध का काम (एक्ट ऑफ वॉर) है। यह संघीय और अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।’
इसका बड़ा असर होगा
जोहरान ने आगे कहा है कि वेनेजुएला में सत्ता बदलने की यह खुली कोशिश सिर्फ विदेशों में रहने वालों को ही प्रभावित नहीं करती। इसका सीधा असर न्यूयॉर्क के लोगों पर भी पड़ता है। इसमें हजारों वेनेजुएला के लोग शामिल हैं, जो इस शहर को अपना घर कहते हैं। मेरा ध्यान उनकी सुरक्षा और हर न्यूयॉर्कवासी की सुरक्षा पर है। मेरा प्रशासन स्थिति पर नजर रखेगा और जरूरी निर्देश जारी करेगा।
ममदानी ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि वेनेजुएला के मुद्दे पर उन्होंने ट्रंप से सीधे बात की है। उन्होंने बताया कि मैंने राष्ट्रपति को फोन किया और इस कार्रवाई के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। मेरी आपत्ति सैन्य हमला कर सत्ता परिवर्तन की कोशिश और अंतरराष्ट्रीय कानून को तोड़ने को लेकर थी।










