वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क सिटी की मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर (MDC) जेल में शिफ्ट किया गया है। अब तक लग्जरी जिंदगी जी रहे मादुरो के लिए यह जेल बिल्कुल उलटा माहौल लेकर आने वाली है।
MDC को अमेरिका की सबसे खराब जेलों में गिना जाता है। कई लोग जेल की हालत को बेहद गंदा और डरावना बता चुके हैं। जेल में स्टाफ की भारी कमी रहती है।
कैदियों के बीच हिंसा आम है और बिजली गुल होना भी बड़ी समस्या रही है। यह जेल 1990 के दशक में जेलों की भीड़ कम करने के लिए बनाई गई थी।
यहां पहले भी कई हाई-प्रोफाइल कैदी रखे जा चुके हैं, जिनमें गायक आर. केली, दवा कारोबारी मार्टिन श्रेकली, घिसलेन मैक्सवेल, क्रिप्टो कारोबारी सैम बैंकमैन-फ्राइड और म्यूजिक मोगुल सीन ‘डिडी’ कॉम्ब्स शामिल हैं। इसके अलावा कुख्यात ड्रग कार्टेल लीडर इस्माइल ‘एल मायो’ जाम्बादा गार्सिया को भी यहीं रखा गया था।
जेल में हिंसा का खतरा लगातार बना रहता है। जून 2024 में एक कैदी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि एक महीने बाद झगड़े में एक और कैदी की मौत हो गई।
2019 में जेल में बड़ा बिजली संकट भी हुआ था। करीब एक हफ्ते तक कैदियों को ठंड में अंधेरे में रहना पड़ा। शौचालय तक ठीक से काम नहीं कर रहे थे और कैदियों को कई दिनों तक सेल से बाहर नहीं निकलने दिया गया।










