जनता भाजपा से ये पूछ रही है कि ‘0’ बड़ा या ’18’ : ट्रेड डील पर बोले अखिलेश

लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सरकार से सीधे सवाल पूछ रही है कि आखिर यह कैसी डील है, जिसमें भारत को क्या मिला और क्या खोया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि आम समझ में डील कभी एकतरफा नहीं होती, लेकिन मौजूदा समझौते में ऐसा लग रहा है कि भारत ने ज्यादा दिया और बदले में कम पाया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए पूछा, “जनता जानना चाहती है कि ‘ज़ीरो (0) बड़ा है या अठारह (18)’? क्या भाजपा की समझौता-गणित में 18 बराबर 0 होता है?” सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि इस ट्रेड डील से देश के किसानों, छोटे दुकानदारों और उद्योगों को क्या सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार केवल खोखले दावे कर रही है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर किसी ठोस संरक्षण योजना का अभाव है।
अखिलेश यादव ने यह भी पूछा कि भारत के हितों के कथित आत्मसमर्पण के पीछे असली वजह क्या है। क्या यह समझौता पूरी तरह एकपक्षीय है, जिसमें फैसले कहीं और हुए और उन्हें यहां लागू कर दिया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि डील के नाम पर भाजपा सरकार केवल ‘डॉटेड लाइन’ पर हस्ताक्षर करने तक सीमित रह गई है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जवाब चाहती है कि यह ट्रेड डील भारत के हित में है या फिर आने वाले समय में किसानों, व्यापारियों और उद्योगों पर इसका बोझ पड़ेगा।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here