‘फिल्म, मीडिया का हथियार के रूप में प्रयोग’, केरल स्टोरी 2 पर राहुल की दोटूक

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि यह ‘अच्छी खबर’ है कि फिल्म ‘केरल स्टोरी-2 गोज बियॉन्ड’ को व्यापक तौर पर नहीं देखा जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कुट्टिक्कानम स्थित मरियन कॉलेज में विद्यार्थियों से बातचीत कर रहे थे। फिल्मों को दुष्प्रचार का साधन बनाए जाने के बारे में एक छात्र के प्रश्न का उत्तर देते हुए गांधी ने ‘केरल स्टोरी-2 गोज बियॉन्ड’ पर अपने विचार साझा किए।

Advertisement

‘सिनेमाघरों में सीटें खाली पड़ी हैं’

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अच्छी खबर यह है कि ‘केरल स्टोरी’ वाले सिनेमाघरों में सीट खाली पड़ी हैं, और इसे कोई देख नहीं रहा है। यह दिखाता है कि ऐसे लोग हैं, जिनमें से अधिकांश को केरल और उसकी परंपराओं तथा संस्कृति की समझ नहीं है। राहुल के अनुसार, फिल्मों, टेलीविजन और मीडिया को तेजी से ‘हथियार’ के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

खुद का फायदा, दूसरों को नुकसान

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसका उपयोग लोगों को बदनाम करने, उन्हें खत्म करने और समाज में विभाजन पैदा करने के उद्देश्य से किया जाता है ताकि कुछ लोग लाभान्वित हों और दूसरों को नुकसान पहुंचे। भारत बहुत हद तक ऐसा ही बन गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के घटनाक्रम देश के लिए बेहद हानिकारक हैं। साथ ही, इस उद्देश्य के लिए बड़ी मात्रा में धन खर्च किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई इंसान किसी खास तरह की फिल्म बनाना चाहता है, मीडिया में कुछ कहना चाहता है, या किसी खास आइडिया को डिफेंड करना चाहता है, तो उन पर हमला किया जाता है और अक्सर उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। राहुल ने कहा कि मैं यह हर समय महसूस करता हूं। दूसरी तरफ, कुछ कहानियों को लोग जितना चाहें उतना फैला सकते हैं और उनका कुछ नहीं होता।

केरल स्टोरी 2 में क्या है?

पिछले हफ्ते थिएटर में आई यह फिल्म अलग-अलग राज्यों की तीन हिंदू महिलाओं की कहानी बताती है। ये महिलाएं अपने परिवारों की बात न मानकर मुस्लिम व्यक्तियों से शादी करती हैं और बाद में उन्हें धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जाता है। सीक्वल की रिलीज से काफी विवाद हुआ था। इसमें क्रिटिक्स और पॉलिटिकल हस्तियों ने दावा किया कि यह केरल को गलत तरीके से दिखाती है और सांप्रदायिक नफरत फैलाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here