कोलकाता: ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर गुरुवार की रात आईपीएल 2026 का सबसे रोमांचक मुकाबला खेला गया। कोलकाता नाइट राइडर्स के 181 रनों के मजबूत स्कोर के जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे 21 साल के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी जिन्होंने अंतिम ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंदों पर दो छक्के जड़कर हारी हुई बाजी लखनऊ की झोली में डाल दी।
संजीव गोयनका ने किया पोस्ट
मुकुल चौधरी की इस जादुई पारी और आयुष बदोनी के शानदार अर्धशतक (54 रन) ने टीम मालिक संजीव गोयनका को गदगद कर दिया। मैच के बाद गोयनका ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की और मुकुल को ‘मैच का असली सितारा’ बताया। संजीव गोयनका ने अपनी पोस्ट में टीम भावना और मुकुल के टैलेंट का जिक्र करते हुए लिखा, ‘टीम वर्क की बदौलत हम जीत पाए लेकिन यह रात मुकुल चौधरी के नाम रही। आत्मविश्वास, प्रतिभा और क्षमता, सब कुछ आज पूरी तरह से मैदान पर दिखा। आयुष बदोनी का प्रदर्शन लाजवाब था और कप्तान ऋषभ पंत के शानदार नेतृत्व ने इस जीत को मुमकिन बनाया। मुझे इस टीम पर आज और हमेशा गर्व रहेगा।’
लखनऊ की बल्लेबाजी लड़खड़ाई
लखनऊ की पारी एक समय लड़खड़ा गई थी जब मिचेल मार्श (15), एडेन मार्करम (22) और कप्तान ऋषभ पंत (10) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। निकोलस पूरन और अब्दुल समद भी फ्लॉप रहे लेकिन आयुष बदोनी ने एक छोर संभाले रखा। बदोनी की 34 गेंदों में 54 रनों की पारी ने टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा जिसके बाद मुकुल चौधरी ने मोर्चा संभाला और महज 27 गेंदों में 2 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन कूट डाले।
केकेआर ने बनाए 181 रन
इससे पहले केकेआर की ओर से अजिंक्य रहाणे (41) और अंगकृष रघुवंशी (45) ने अच्छी नींव रखी थी, जिसे अंत में कैमरून ग्रीन (32) और रोवमैन पॉवेल (39) ने 181 रनों तक पहुंचाया। लेकिन मुकुल की आतिशबाजी के सामने केकेआर की गेंदबाजी बेअसर साबित हुई। इस जीत के साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स ने सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की है, जबकि केकेआर को तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।










