ईरान बोला- कोई योजना नहीं; जेडी वेंस ने बीच में रोका अपना दौरा

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को रोकने के लिए पाकिस्तान में प्रस्तावित दूसरी दौर की शांति वार्ता अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है।

Advertisement

जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा स्थगित

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ कहा कि अगले दौर की बातचीत के लिए कोई योजना नहीं है और कोई फैसला नहीं लिया गया है। इसके साथ ही अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा स्थगित कर दी गई है।

तेहरान टाइम्स से बात करते हुए ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अभी इस्लामाबाद जाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने इसके पीछे अमेरिका के विरोधाभासी रवैये को जिम्मेदार ठहराया।

ईरान पहले भी कह चुका है कि वह दबाव या धमकी के माहौल में बातचीत नहीं करेगा। दोनों देशों ने संकेत दिया है कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ तो वे फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू करने को तैयार हैं। उधर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जिन्हें पाकिस्तान में प्रस्तावित बातचीत में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना था, मंगलवार को वाशिंगटन में ही रहे।

व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि वेंस के बुधवार सुबह नीतिगत बैठकों में शामिल होने का कार्यक्रम तय है, जिससे उनके पाकिस्तान दौरे पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि समझौता न हुआ तो युद्धविराम आगे नहीं बढ़ेगा और ईरान पर भारी बमबारी की जाएगी।

वार्ता की मेजबानी कर रहे पाकिस्तान ने भी कहा है कि उसे अब तक ईरान की भागीदारी की औपचारिक पुष्टि नहीं मिली है।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने ‘एक्स’ पर कहा कि तेहरान की ओर से स्पष्ट जवाब का इंतजार है, जबकि मौजूदा युद्धविराम बुधवार को सुबह 5.20 बजे समाप्त हो रहा है। इससे पहले दिन में क्षेत्रीय सूत्रों ने संकेत दिया था कि दोनों पक्ष दूसरे दौर की वार्ता के लिए तैयार हो सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी पक्ष का नेतृत्व जेडी वेंस और ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ कर सकते हैं।

हालांकि, ये अधिकारी अधिकृत नहीं थे और उन्होंने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर जानकारी दी। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सरकारी टीवी से कहा कि वार्ता में शामिल होने पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता बुधवार को होनी थी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता बुधवार को होनी थी, जिसमें जेडी वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले थे।उनके साथ विशेष दूत स्टीव विटकोफ और जारेड कुशनेर भी जाने वाले थे।

लेकिन ईरान की ओर से सकारात्मक जवाब न मिलने और अमेरिकी मांगों को गंभीरता की कमी बताने के बाद वेंस की यात्रा को टाल दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here