पश्चिम बंगाल में बीजेपी बहुमत के पार, केरल, असम, तमिलनाडु का अपडेट

पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के बाद काउंटिंग का दौर जारी है। सभी को इंतजार इन राज्यों में फाइनल नतीजों का है। हालांकि, अब तक के रुझानों में सभी प्रमुख राज्यों में नई सरकार को लेकर तस्वीर साफ होती दिख रही है। पश्चिम बंगाल में 15 साल बाद ममता बनर्जी के हाथ से सत्ता खिसकती दिख रही है। यहां बीजेपी रुझानों में बहुमत के पार जा चुकी है।

Advertisement

तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी टीवीके गेमचेंजर बन कर उभरी है। उसने सत्ताधारी डीएमके गठबंधन को रुझानों में पीछे छोड़ दिया है। असम में रुझानों की बात करें तो बीजेपी गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। पुडुचेरी में भी एनडीए गठबंधन को बढ़त नजर आ रही। केरल में जरूर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को बढ़त दिख रही है। जानें चुनाव नतीजों से जुड़े हर ब्रेकिंग अपडेट्स।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज पीड़िता की मां और पानीहाटी सीट से बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ को बढ़त, उधर हुमायूं कबीर भी आगे

पश्चिम बंगाल में काउंटिंग के बीच चुनाव आयोग के अनुसार, आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता की मां और पानीहाटी सीट से बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ अभी 2763 से अधिक मतों के अंतर से अपनी सीट से आगे चल रही हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर अभी मुर्शिदाबाद जिले की नओदा सीट से 8069 से ज़्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में काउंटिंग के बीच कोलकाता पुलिस का अहम निर्देश, विजय जुलूस, रैली या सार्वजनिक उत्सव को लेकर अहम फैसला

कोलकाता पुलिस ने अहम निर्देश जारी किया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मतगणना प्रक्रिया को देखते हुए पुलिस ने अहम फैसला लिया है। कोलकाता पुलिस ने कहा है कि वोटों की काउंटिंग पूरे दिन जारी रहने की उम्मीद है ताकि मतगणना की पूरी प्रक्रिया संपन्न हो सके। कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र के भीतर सार्वजनिक व्यवस्था, शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से, यह सूचित किया जाता है कि 4 मई, 2026 को चुनाव परिणामों के संबंध में कोई भी विजय जुलूस, रैली या सार्वजनिक उत्सव आयोजित नहीं किया जाएगा।
यह प्रतिबंध बिना किसी अपवाद के, सभी राजनीतिक दलों या समूहों पर समान रूप से लागू होगा। यदि कोई विजय जुलूस निकालना हो, तो उसे 5 मई, 2026 या उसके बाद ही निकाला जा सकता है। वह भी संबंधित पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के बाद ही। ऐसे सभी अनुमति प्राप्त जुलूसों को, प्रचलित नियमों और दिशानिर्देशों का और अनुमति पत्र में निर्धारित शर्तों का सख्ती से पालन करना होगा।

शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बड़ी बढ़त, भवानीपुर में अधिकारी ने ममता बनर्जी को पीछे छोड़ा

पश्चिम बंगाल में मतगणना के शुरुआती दो घंटों में भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। सुबह 10 बजे तक के रुझानों में बीजेपी 60 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल कर चुकी है। वहीं, बीजेपी के नेता सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी पछाड़ चुके हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग ने सुबह 10.30 बजे तक 102 विधानसभा सीटों के रुझान सार्वजनिक किए हैं।
रुझानों में बीजेपी ने 63 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाई, जबकि तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 37 सीटों पर आगे है। भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछड़ गई हैं। भाजपा नेता सुवेंद्र अधिकारी नंदीग्राम विधानसभा सीट के साथ-साथ इस बार भवानीपुर से भी चुनाव लड़ रहे हैं। सुबह 10.30 बजे तक के रुझानों में हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी और भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा ने एक-एक सीट पर बढ़त बनाई है। कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां रुझानों में शून्य पर हैं।

तमिलनाडु चुनाव में डीएमके को झटका, रुझानों में टीवीके बनी सबसे बड़ी पार्टी, एक्टर विजय दोनों सीटों पर आगे

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में काउंटिंग जैसे-जैसे आगे बढ़ रही सत्ताधारी डीएमके को तगड़ा झटका लगता दिख रहा। अभिनेता से नेता बने और TVK प्रमुख विजय की पार्टी रुझानों में 100 के पार पहुंच चुकी है। टीवीके चीफ विजय खुद पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली (पूर्व) निर्वाचन क्षेत्रों से आगे चल रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार, पेरम्बूर सीट पर वे 2990 से अधिक वोटों के अंतर से और तिरुचिरापल्ली (पूर्व) में 3299 से अधिक वोटों के अंतर से आगे हैं।

Kerala Election Results LIVE: चुनाव आयोग के लेटेस्ट ट्रेंड में कांग्रेस की लीडरशिप वाली यूडीएफ को बहुमत

केरलम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर काउंटिंग जारी है। चुनाव आयोग के लेटेस्ट ट्रेंड्स के मुताबिक, कांग्रेस की लीडरशिप वाली UDF ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि हमने 89 पार कर लिए हैं, 100 के मुकाबले सिर्फ 11 सीटें। यह एग्जिट पोल के अंदाजे से कहीं ज्यादा है। केरलम के लोगों ने कांग्रेस की लीडरशिप वाली UDF को एक बड़ी जीत दी है। यह उत्साह, उमंग और गर्व का पल है। हम केरलम के लोगों के शुक्रगुजार हैं। यह इस बात का भी प्रतिबिंब है कि CPI(M) की लीडरशिप वाली LDF कितनी बुरी तरह फेल रही और एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर ने बहुत अच्छा काम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here