शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के बाद उत्तर 24 परगना के कुछ हिस्सों में तनाव

भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह तनाव व्याप्त हो गया जिसे देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

Advertisement

घटना के बाद भाजपा समर्थकों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जिसके मद्देनजर मध्यमग्राम, दोहरिया और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रख रहे हैं और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।’’ अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा ने इसे ‘‘लक्षित हत्या’’ करार दिया है।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई इस चौंकाने वाली घटना में अधिकारी के निजी सहायक रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास रथ के वाहन को रोका और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए।

एक स्थानीय ने कहा, ‘‘हम हत्यारों की गिरफ्तारी चाहते हैं। विपक्ष के नेता से जुड़े वाहन में यात्रा कर रहे रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सुनियोजित हत्या के अलावा कुछ नहीं है। लोग डरे हुए हैं।’’ एक अन्य ने आरोप लगाया कि ‘‘अपराधी बेखौफ होकर काम कर रहे हैं’’ और उन्होंने केंद्रीय एजेंसी से जांच कराए जाने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here