मौसम की करवट, मूसलाधार बारिश के बीच वीकेंड ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार 10 जुलाई को जहां सिनेमाघरों में ‘धमाल 4’ रिलीज हो रही है, वहीं OTT पर भी 12 नई फिल्में और वेब सीरीज दस्तक देने वाली हैं। हिंदी के दर्शकों के लिए इसमें सबसे दिलचस्प और बड़ी रिलीज लीगल थ्रिलर ‘इक्का’ है, जिसमें सनी देओल और अक्षय खन्ना लीड रोल में हैं। इसके साथ ही मई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो दो’ भी अब ओटीटी पर स्ट्रीम होने वाली है। इसके अलावा असल घटनाओं पर बनी ‘धुरंधर’ जैसी एक स्पाई फिल्म ‘मुखबिर’ भी रिलीज हो रही है।
साउथ इंडस्ट्री से राम चरण की ‘पेद्दी’ भी ओटीटी पर रिलीज हो रही है। हालांकि, इसके हिंदी डब वर्जन के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। लेकिन मलयालम एक्शन-ड्रामा ‘बाल्टी’ में शेन निगम एक बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी का रोल निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी में तब जबरदस्त मोड़ आता है, जब एक लोकल टूर्नामेंट जीतने के बाद वह अपराध की खतरनाक दुनिया में फंस जाता है। ‘सिंग गीथम’ एक ऐसे गांव की कहानी है, जिसकी जमीन के नीचे बहुत सा सोना और धन दबा हुआ है। जबकि ‘परिमाला एंड कंपनी’ एक ब्लैक कॉमेडी थ्रिलर है, जिसमें एक परिवार अपने घर में हुए एक हत्याकांड में फंस जाता है।
यहां देखिए, नई OTT रिलीज की पूरी लिस्ट-
इक्का (10 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
Ikka एक लीगल ड्रामा थ्रिलर फिल्म है। इसमें ‘बॉर्डर’ के लगभग तीन दशक बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना एकसाथ स्क्रीन पर लौट रहे हैं। जबकि ‘धुरंधर’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अक्षय खन्ना की यह पर्दे पर वापसी है। सनी देओल ने फिल्म में अर्जुन मेहरा का किरदार निभाया है, जो कानूनी जगत में ‘इक्का’ के नाम से मशहूर एक दिग्गज वकील है। ऐसा वकील, जो अपने उसूल के लिए जाना जाता है। लेकिन उसकी सबसे मुश्किल परीक्षा तब होती है, जब उसे शौर्यमान गौर (अक्षय खन्ना) का केस लड़ना पड़ता है।
शौर्यमान पर हत्या की कोशिश का एक हाई-प्रोफाइल केस चल रहा है और अर्जुन ने ही पहले उसके खिलाफ केस लड़ा था। तिलोत्तमा शोम ने फिल्म में पब्लिक प्रॉसिक्यूटर मधुरा बनर्जी का रोल निभाया है। जबकि दीया मिर्जा इसमें अर्जुन की पत्नी अवंतिका के किरदार में हैं। फिल्म में संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन कपूर भी हैं। ‘इक्का’ शुक्रवार 10 जुलाई को Netflix पर रिलीज हो रही है।
पति पत्नी और वो दो (10 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
मुदस्सर अजीज के डायरेक्शन में बनी Pati Patni Aur Woh Do मई महीने में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ₹51 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। अब यह 10 जुलाई को Netflix पर रिलीज हो रही है। कहानी ओरिजनल फिल्म की तरह ही एक ऐसे पति की है, जो दूसरी औरतों के फेर में फंसा है।
लेकिन इस बार मामला ज्यादा अफरा-तफरी का है। प्रयागराज में वन विभाग के अधिकारी प्रजापति पांडे (आयुष्मान खुराना) की पत्रकार बीवी (वामिका गब्बी) की अपनी महत्वाकांक्षा है। वह अपना चैनल खोलना चाहती है। ऑफिस में प्रजापति की एक दोस्त (रकुल प्रीत सिंह) है। जिंदगी में सब ठीक चल रहा है। लेकिन तभी प्रजापति की पुरानी दोस्त चंचल (सारा अली खान) उसकी जिंदगी में आ जाती है। चंचल को इलाके के एक बाहुबली के बेटे से शादी करनी है। लेकिन इस चक्कर में प्रजापति को उसका नकली बॉयफ्रेंड बनना पड़ता है। इसके बाद कहानी में जबरदस्त कंफ्यूजन पैदा होता है, जो मजेदार है।
मुखबिर – द स्टोरी ऑफ ए स्पाई (10 जुलाई 2026)
कहां देखें- Zee5
एक पीरियड थ्रिलर फिल्म है, जो सच्ची घटनाओं और इंटेलिजेंस ब्यूरो के पूर्व डायरेक्टर मलोय कृष्ण धर की किताब पर आधारित है। कहानी कामरान के बारे में है, जो भारत की सड़कों पर चोरी करने वाला एक लड़का था और जिसे पाकिस्तान में जासूसी करने के लिए भर्ती किया गया था। वह 1965 की लड़ाई के दौरान पाकिस्तान के हमले को रोकने में भारत की मदद करने के लिए जरूरी जानकारी देता है।
कामरान (जैन खान दुर्रानी) को पाकिस्तानी बॉर्डर गार्ड्स को चकमा देने की ट्रेनिंग दी जाती है। वह ‘हरफन बुखारी’ की नकली पहचान का इस्तेमाल करता है। उसकी कहानी के अनुसार, वह 1947 में भारत के बंटवारे के समय बिछड़ गया एक बच्चा था। एजेंसी उसे लाहौर भेजती है ताकि वह एक असली पाकिस्तानी परिवार के लंबे समय से बिछड़े हुए भतीजे का नाटक कर सके। लाहौर में, कामरान एक आज्ञाकारी स्थानीय व्यक्ति की तरह रहता है।
पाकिस्तानी सेना क्या कर रही है, यह पता लगाने के लिए वह ताकतवर लोगों के करीब जाता है। वह बेगम अनार नाम की एक गायिका को रिझाता है, जो एक बड़े जनरल की प्रेमिका है। वह एक लोकल फोटोग्राफर के साथ भी फ्लर्ट करता है। चुपके से उनकी बातचीत सुनता है और सेना की बेहद गुप्त योजनाएं भारत भेजता है। शिवम नायर और जयप्रद देसाई के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में प्रकाश राज, आदिल हुसैन, हर्ष छाया, सत्यदीप मिश्रा, बरखा बिष्ट, दिलीप शंकर, जोया अफरोज, अतुल कुमार, करण ओबेरॉय, सुशील पांडे और सुनील शानबाग भी हैं।
पेद्दी (09 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
राम चरण और जान्हवी कपूर स्टारर Peddi एक ग्रामीण परिवेश पर आधारित स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा है। यह कहानी आंध्र प्रदेश के एक होनहार गन्ना मजदूर की है, जो पहले एक पहलवान बनता है, बाद में अपनी हाशिए पर पड़े समुदाय के हक के लिए लड़ता है और ‘ब्लेड-रनिंग’ पैरा-ट्रैक एथलीट बन जाता है।
एक कट्टर दुश्मन है, जो उसके पैर में गंभीर चोट पहुंचाकर उसके रेसलिंग करियर को खत्म कर देता है, ऐसे में पेद्दी पैर कटवा लेता है, प्रोस्थेटिक ब्लेड का इस्तेमाल करना सीखता है और एक बड़ी नेशनल रेस जीतता है। अपनी इस जीत के मंच का इस्तेमाल कर वह सरकार को अपने दूर-दराज गांव को आधिकारिक मान्यता देने और वहां एक जरूरी रेलवे स्टेशन बनवाने के लिए मजबूर करता है। इन सबके बीच एक अमीर नेता की बेटी के साथ उसकी प्रेम-कहानी भी है। मूल रूप से तेलुगू में बनी ‘पेद्दी’ 09 जुलाई को Netflix पर रिलीज हो रही है। लेकिन हिंदी डब वर्जन के लिए दर्शकों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
सिंग गीथम (9 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
Sing Geetham एक तेलुगू म्यूजिकल फैंटेसी कॉमेडी-ड्रामा है, जिसे सिंगीथम श्रीनिवास राव ने डायरेक्ट किया है। 09 जुलाई को यह फिल्म Netflix पर हिंदी डब वर्जन में भी रिलीज हो रही है। फिल्म में अयान खान, अहिल्या बामरू और शालिनी कोंडेपुडी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
कहानी एक ऐसे गांव की है जिस पर अपना आखिरी पवित्र पेड़ काटने के बाद श्राप लग जाता है। इस श्राप के कारण गांव वाले सामान्य रूप से बोल नहीं पाते। कुबेरपुरम नाम का यह धूल भरा गांव माइनिंग साइट है। प्रताप नाम का एक युवक वहां आता है, जिसे उम्मीद है कि वह गांव की जमीन के नीचे छिपे हुए सोने के खजाने को पा सकता है। वह रेणु नाम की एक लालची बिजनेसवुमन के साथ हाथ मिलाता है, जो अपने माइनिंग बिजनेस को बढ़ाने के लिए गांव का आखिरी बचा हुआ पेड़ काटना चाहती है। इस कटाई के बाद गांव में हर बहस, कबूलनामा और बातचीत पूरी तरह से गाने के जरिए ही होती है।
परिमाला एंड कंपनी (10 जुलाई 2026)
कहां देखें- ZEE5
‘पसंगा’ और ‘इरुधि सुत्रु’ जैसी फिल्में बनाने वाले फिल्ममेकर पांडिराज 1990 के दशक की मलयालम सिनेमा की सबसे पसंदीदा कॉमेडी जोड़ी को एक ब्लैक कॉमेडी-थ्रिलर के लिए एकसाथ लाए हैं। Parimala & Co सिर्फ एक परेशान करने वाले पड़ोसी के बारे में नहीं है, बल्कि इसकी मजेदार कहानी के पीछे और भी बहुत कुछ है। परिमाला (जयराम) चेन्नई के एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति हैं, जिनकी जिंदगी तब उथल-पुथल हो जाती है जब वर्गीज नाम का एक स्थानीय गुंडा अचानक मृत पाया जाता है। वर्गीज उनकी छोटी बेटी को परेशान कर रहा था।
अब पूरे पड़ोस ने परिवार को वर्गीज के साथ सबके सामने झगड़ते हुए देखा था, इसलिए पुलिस के पास जांच शुरू करने के लिए साफ वजह थी। फिल्म में उर्वशी परिमाला की पत्नी सुधंथिरम का किरदार निभा रही है। ‘पंचतंत्रम’ (2002) के बाद यह जयराम और उर्वशी की पहली फुल-लेंथ फिल्म है। कास्ट में मिसकिन, योगी बाबू, सैंडी, संतोष सोभन, संजना कृष्णमूर्ति और अनंतिका अनिलकुमार भी हैं। ‘परिमाला एंड कंपनी’ शुक्रवार 10 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज हो रही है। आप इसे हिंदी डब वर्जन में भी देख सकते हैं।
बाल्टी (10 जुलाई 2026)
कहां देखें- SonyLIV
‘बाल्टी’ शेन निगम की लीड रोल में 25वीं फिल्म है। यह सिनेमाघरों में रिलीज के नौ महीने बाद 10 जुलाई से SonyLIV पर स्ट्रीम होने वाली है। आप इसे हिंदी डब वर्जन में भी देख सकते हैं। कहानी केरल और तमिलनाडु की सीमा पर बसे शहर वेलमपालयम में सेट है। इसमें उदयन् (जिसे ‘बाल्टी’ के नाम से जाना जाता है) कबड्डी का एक जुनूनी खिलाड़ी है, जिसके दोस्तों का एक करीबी ग्रुप है और एक समर्पित मां है। जब यह ग्रुप एक टूर्नामेंट में इलाके के एक अपराधी की टीम को हरा देता है। इस जीत से उन्हें उस अपराधी का सम्मान और संरक्षण दोनों मिल जाता है। लेकिन विरोधी गुटों के बीच हिंसक झगड़े के कारण ये लड़के एक ऐसी दुनिया में खिंचे चले जाते हैं, जिसके लिए वे कभी तैयार नहीं थे।
आई एम नॉट अफ्रेड (8 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
I’m Not Afraid एक स्पेनिश वेब सीरीज है। कहानी जून 1986 की है, जब मेक्सिको में वर्ल्ड कप का जोश छाया हुआ था। उसी समय वेराक्रूज के पहाड़ों में 10 साल के मिगुएल को एक खाली पड़े घर के पास छिपे हुए गड्ढे में फेलिप नाम का एक लड़का मिलता है। पहले तो मिगुएल को लगता है कि उसे कोई भूत मिल गया है, लेकिन फिर दोनों के बीच एक सीक्रेट दोस्ती हो जाती है। धीरे-धीरे सच सामने आता है। फेलिप का अपहरण कर लिया गया था और इसके पीछे वे लोग थे जिन्हें मिगुएल जानता था। I’m Not Afraid की यह कहानी निकोलो अमानिती के मशहूर इटैलियन नॉवेल पर आधारित है, जिस पर 2003 में गैब्रिएल साल्वाटोरस ने फिल्म भी बनाई थी।
साल्सेडो, लेदर एंड बूगालू (8 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
नेटफ्लिक्स कोलंबिया की हिट सीरीज ‘ईवा लास्टिंग’ का स्पिन-ऑफ Salcedo, Leather, and Boogaloo आठ एपिसोड का ड्रामा शो है। यह हमें 70 के दशक की कैली नाइटलाइफ की दुनिया में वापस ले जाता है। सीरीज मार्टिन साल्सेडो (सर्जियो पलाऊ) की जिंदगी के एक नए अध्याय से कहानी आगे बढ़ाती है। अब उम्रदराज हो चुके और आसानी से किसी के प्यार में न पड़ने वाले मार्टिन की जिंदगी दो महिलाओं की वजह से पूरी तरह बदल जाती है। कहानी में वेरोनिका पिनिला (पाओला गोंजालेज) है, जो साल्सा, क्लबों व देर रात की वह बेबाक और खतरनाक दुनिया में क्विएब्रा कैंटो (रामीरो मेनेसेस) के साथ रहती है। शुरुआत में जो चीज एक आकर्षण के तौर पर शुरू होती है, वह जल्द ही पेचीदगी से भर जाती है। कहानी मार्टिन को शराब, रोमांस और जोखिम के भंवर में खींच लेती है।
नथिंग टू लूज (8 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
Nothing to Lose एक फ्रेंच क्राइम ड्रामा है। बेल्जियम की कॉमेडियन नवेल मदानी ने अपने इस अब तक के सबसे इमोशनल प्रोजेक्ट को को-डायरेक्ट किया है और एक्टिंग भी की है। कहानी में जेड (मदानी) है, जिसने अपने पार्टनर के साथ बच्चा पाने के लिए सालों तक संघर्ष किया। एम्ब्रियो डोनेशन के बाद आखिरकार बच्चा हुआ, लेकिन जब तक उनका बेटा पैदा हुआ, जेड सिंगल मदर बन चुकी थीं। उनकी खुशी जल्द ही एक दुखद खबर में बदल गई, क्योंकि उनके नवजात बच्चे को ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) है। इसके बाद जेड एक मैचिंग डोनर खोजने के लिए हर मुमकिन कोशिश करती हैं। यह फिल्म 08 जुलाई को Netflix पर रिलीज हो रही है।
लिटिल हाउस ऑन द प्रेयरी (9 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
Little House on the Prairie एक नई वेब सीरीज है, जो लॉरा इंगल्स वाइल्डर के मशहूर सेमी-ऑटोबायोग्राफिकल नॉवेल्स पर अब तक का सबसे बड़ा स्क्रीन अडैप्टेशन है। इसे रेबेका सोनेनशाइन ने डेवलप किया है, जो ‘द बॉयज’ और ‘द वैम्पायर डायरीज’ की शो-रनर रही हैं। कहानी 1870 के दशक पर आधारित इंगल्स परिवार की है। पापा चार्ल्स (ल्यूक ब्रेसी), मां कैरोलीन (क्रॉस्बी फिट्जगेराल्ड) और बेटियां मैरी (स्काईवॉकर ह्यूजेस) और लॉरा (एलिस हल्सी)। वे विस्कॉन्सिन से अपनी गाड़ी में सामान लादकर नई शुरुआत की तलाश में कंसास प्रेयरी जाते हैं और इंडिपेंडेंस शहर के बाहरी इलाके में बस जाते हैं।
सुसाना और एल्विरा: नो प्लान B (12 जुलाई 2026)
कहां देखें- Netflix
Susana and Elvira: No Plan B एक कोलंबियन कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। इसमें कोलंबिया की दो सबसे पसंदीदा काल्पनिक सहेलियां अपने अब तक के सबसे बड़े काम के लिए वापस आ रही हैं। दो साल पहले भारत की एक यात्रा के दौरान अनबन होने के बाद, सुसाना (मैनुएला गोंजालेज) और एल्विरा (माबेल मोरेनो) को मजबूरी में सांता मार्टा के तटीय शहर में फिर से साथ काम करना पड़ता है। उन्हें साल की सबसे बड़ी सेलिब्रिटी शादी का आयोजन करने के लिए हायर किया जाता है। सुसाना वेडिंग प्लानर है और एल्विरा दुल्हन का काम संभालती है। दोनों एक-दूसरे से सिर्फ काम की बात ही करती हैं। दोनों को न सिर्फ एक बड़े इवेंट की भागदौड़ और अफरातफरी को संभालना है, बल्कि अपने बीच के अनसुलझे जख्मों, नाकामियों और उलझे हुए अतीत का भी सामना करना है। यह फिल्म 12 जुलाई को Netflix पर रिलीज होगी।










