Jairam Ramesh ने पूछा क्या मंत्री पंकज चौधरी की जाएगी कुर्सी?

नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को संसद में बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था 3.92 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के साथ दुनिया में छठे स्थान पर आ गई है। बीते साल ही सरकार ने बताया था कि भारत दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है। इसे लेकर अब विवाद हो रहा है। अब कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठा दिया है कि पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को चौथी अर्थव्यवस्था बताया था और अब उनके मंत्री पंकज चौधरी संसद में भारत को छठी अर्थव्यवस्था बता रहे हैं। क्या मंत्री की कुर्सी जाएगी?

Advertisement

पंकज चौधरी ने राज्यसभा में बताया-भारत छठी अर्थव्यवस्था

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने 11 अगस्त, 2026 यानी मंगलवार को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में बताया था कि इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) ने अपनी अप्रैल 2026 की ‘वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक’ रिपोर्ट में 2025-26 के लिए भारत की नॉमिनल GDP $3.92 ट्रिलियन बताई है, जिससे भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पंकज चौधरी की ओर से बताई गई इस रैंकिंग पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।

जयराम रमेश बोले-क्या मंत्री की कुर्सी जाएगी

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर पंकज चौधरी की ओर से दिए जवाब पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा-27 मई, 2025: गांधीनगर में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
11 अगस्त, 2026: राज्यसभा में एक लिखित जवाब में वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
क्या राज्य मंत्री की नौकरी चली जाएगी?

पंकज चौधरी ने भारत की रैंकिंग के पीछे बताई ये वजह

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में कहा, ‘IMF की रैंकिंग मौजूदा अमेरिकी डॉलर एक्सचेंज रेट पर मापी गई नॉमिनल GDP पर आधारित होती है। इसलिए, अर्थव्यवस्थाओं की सापेक्ष रैंकिंग कई वजहों से बदल सकती है, जैसे कि आर्थिक विकास, एक्सचेंज रेट और कीमतों में उतार-चढ़ाव, राष्ट्रीय खातों में संशोधन और दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के आकार और विकास में बदलाव।’

IMF की रैंकिंग मौजूदा अमेरिकी डॉलर एक्सचेंज रेट पर मापी गई नॉमिनल GDP पर आधारित होती है। इसलिए, अर्थव्यवस्थाओं की सापेक्ष रैंकिंग कई वजहों से बदल सकती है।
पंकज चौधरी, वित्त राज्य मंत्री ने राज्यसभा में 11 अगस्त, 2026 को दिए लिखित जवाब में कहा

30 दिसंबर, 2025 को आर्थिक समीक्षा में जापान से आगे निकली अर्थव्यवस्था

  • सितंबर 2022 में नॉमिनल GDP के मामले में भारत की अर्थव्यवस्था यूनाइटेड किंगडम से आगे निकल गई और दुनिया में पांचवें स्थान पर आ गई।
  • 30 दिसंबर 2025 को जारी सरकार की साल के आखिर की आर्थिक समीक्षा के अनुसार, भारत की GDP जापान से आगे निकल गई है, जिससे यह लगभग 4.18 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की GDP के साथ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है।

 

IMF ने भारत से आगे जापान और यूके को रखा

  • IMF के अप्रैल 2026 के अनुमानों के अनुसार, जापान और UK को भारत से आगे रखा गया है। इस वजह से 2025-2026 के लिए भारत अब छठे स्थान पर है।
  • भारत की विकास क्षमता को बढ़ाने के लिए सरकार की व्यापक योजना में मैन्युफैक्चरिंग, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर और माइक्रो, स्मॉल और मीडियम-साइज बिजनेस (MSME) मुख्य फोकस क्षेत्र हैं।

 

अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए बताए उपाय

  • पंकज चौधरी ने अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए उपाय भी बताए। पंकज चौधरी ने बताया कि प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) प्रोग्राम, क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर में ढील, कृषि उत्पादन बढ़ाना और इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कुछ ऐसे उपाय हैं।
  • सरकार PM गति शक्ति और नेशनल लॉजिस्टिक्स पॉलिसी के ज़रिए इनोवेशन, डिजिटलाइजेशन और रिसर्च को बढ़ावा देते हुए लॉजिस्टिक्स की क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रही है। इसके अलावा, पब्लिक कैपिटल खर्च, विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) के लिए आसान माहौल और डायरेक्ट टैक्स व गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) में बदलाव से निवेश को बढ़ावा मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here