अमेरिका का खर्ग आइलैंड के पास हमला, 5 ईरानी तेल टैंकर तबाह

वॉशिंगटन: अमेरिकी सेना ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए 5 ईरानी तेल टैंकरों को नष्ट कर दिया। US सेंट्रल कमांड ने बताया कि यह कार्रवाई उसके युद्धपोतों पर हालिया ईरानी हमलों के जवाब में की गई। इसके जवाब में तेहरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया है। ईरान के सरकारी मीडिया ने कह कि जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों की ओर मिसाइलें दागी गई हैं। यह एक-दूसरे के खिलाफ हमलों का नया दौर है, जिससे दोनों पक्ष एक बार फिर से खुली लड़ाई की तरफ बढ़ रहे हैं।

Advertisement

5 ईरानी तेल टैंकरों पर हमला

सेंट्रल कमांड ने बताया कि पिछले दो दिनों में ईरान ने US नेवी के जहाज पर दो बार हमले की कोशिश की। इसके बाद अमेरिकी सेना ने कच्चे तेल ले जाने वाले 5 ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया। इनमें चार टैंकर ओमान की खाड़ी में और बाकी एक टैंकर खर्ग द्वीप के पास निशाना बनाया गया। सेंट्रल कमांड ने कहा कि हमला करने से पहले टैंकरों के क्रू को जहाज छोड़ने को कहा गया था।

ये हमले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोहरी आर्थिक और सैन्य रणनीति का हिस्सा हैं। अमेरिका ने अपनी युद्ध रणनीति में होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के लक्ष्यों पर हमला करने या उन्हें बेकार करने, इस अहम जलमार्ग से कमर्शियल जहाजों के लिए सुरक्षा अभियान चलाने और ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित किया है।

अमेरिकी सेना ने बीते शनिवार को भी ईरान के तीन टैंकरों को नष्ट कर दिया था, जब ईरान के IRGC ने बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर और डेस्ट्रॉयर पर हमला करने की कोशिश की थी। अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि जरूरत पड़ी तो वह ईरान के सीमित और असुरक्षित तेल बेड़े को नष्ट कर देगा।

ईरान की कुवैत, बहरीन में टैंकरों पर हमले की धमकी

ईरान के सरकारी टीवी ने अमेरिकी हमलों की पुष्टि की है और बताया कि दक्षिणी बंदरगाह जास्क और फारस की खाड़ी में खर्ग द्वीप के पास ईरानी तेल टैंकरों पर हमला किया गया। ईरान ने बदले में बहरीन और कुवैत के बंदरगाहों के पास तेल टैंकरों को निशाना बनाने की कसम खाई है। IRGC ने इन देशों के बंदरगाहों के पास मौजूद तेल टैंकरों के क्रू को चेतावनी दी है कि वे तुरंत अपने जहाज छोड़ दें।

हम कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के आस-पास मौजूद तेल टैंकरों के सभी क्रू सदस्यों को चेतावनी देते हैं – ये देश आतंकवादियों को पनाह देते हैं और उनकी दुश्मन जैसी हरकतों में भागीदार हैं- कि वे तुरंत अपने जहाजों को छोड़ दें, चाहे वे लंगर डाले हुए हों या बंदरगाह पर खड़े हों, क्योंकि इन जहाजों को निशाना बनाया जाएगा।
IRGC, ईरान

जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर हमला

बाद में सीरिया के सरकारी टीवी ने खबर दी कि ईरानी मिसाइलों को पड़ोसी देश जॉर्डन की ओर जाते और उन्हें रास्ते में ही रोकते हुए देखा गया। IRGC ने कहा कि उसने जॉर्डन में मुवाफ्फक साल्टी एयर बेस को निशाना बनाया। यह एक अहम बेस है, जिसका इस्तेमाल अमेरिकी सेना करती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here