प्रयागराज। प्रदेश के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड मामले में एससीएसटी की अदालत में आरोपितों के खिलाफ ट्रायल शुरू हो गया है। अदालत में उमेश पाल की पत्नी जया पाल भी पेश हुईं कोर्ट में उनका बयान दर्ज किया गया। अदालत से बाहर निकलने पर औपचारिक वार्ता में जया पाल ने फिर से अपनी जान को खतरा बताया है। जया पाल ने योगी सरकार से जान की रक्षा करने की गुहार भी लगाई। जया पाल ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
2023 में उमेश पाल की हुई थी हत्या
धूमनगंज थाना क्षेत्र में 24 फरवरी 2023 की शाम उमेश पाल और दो सरकारी गनर की गोली-बम मारकर हत्या की गई थी। इस हत्याकांड में माफिया अतीक, उसकी बीवी शाइस्ता समेत कई के खिलाफ नामजद मुकदमा लिखा गया है। अतीक की इनामी बीवी समेत कई शूटर अभी वांछित चल रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर धमकी, थाने में दी तहरीर
उमेश पाल की पत्नी का आरोप है कि इंस्टाग्राम अकाउंट पर अतीक से जुड़े कुछ लोग लगातार धमकी दे रहे हैं। एक ने कमेंट किया कि जिस दिन अली बाहर आएगा, उस दिन घर में आरडीएक्स डाला जाएगा। इसी तरह कई और धमकी दी गई। जया पाल ने मंगलवार रात धूमनगंज थाने पहुंचकर धमकी की तहरीर दी। डीसीपी सिटी सागर जैन का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।











