बेंगलुरु। इंडिया का नाम बदलकर ‘भारत’ या ‘हिन्दुस्तान’ करने का विचार ‘मूर्खतापूर्ण’ है। इसका कोई खास महत्व नहीं है। यह बात कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम वीरप्पा मोइली ने कही। गुरुवार को उन्होंने कहा कि इसकी क्या जरूरत है? हम पहले ही कई वर्षों से अपने लोकतंत्र में जी रहे हैं। लोगों के मन में निश्चिततौर पर मौजूदा नाम के लिए ही भावनाएं हैं। नाम बदलने के विचार से केवल अशांति पैदा होगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के एक व्यक्ति ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करके बताया था कि संविधान में इंडिया को पहले ही ‘भारत’ बुलाया जाता है। इसलिए इसका नाम इंडिया से बदलकर ‘भारत’ या ‘हिन्दुस्तान’ कर दिया जाये। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इस याचिक को खारिज कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने केन्द्र से कहा कि देश का नाम इंडिया से बदलकर ‘भारत’ या ‘हिन्दुस्तान’ करने के लिये दायर याचिका को प्रतिवेदन के रूप में ले।
Advertisement