सुरक्षा परिषद में अस्थाई सदस्य बनने पर अमेरिका सहित कई देशों ने दी भारत को बधाई

नई दिल्ली। अमेरिका सहित विभिन्न देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के अस्थाई सदस्य बनने पर बधाई दी है। अमेरिका ने अपने संदेश में कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के मुद्दे पर वह भारत के साथ काम करने को लेकर इच्छुक है। भारत में अमेरिका के राजदूत केन जस्टर ने कहा कि सुरक्षा परिषद में भारत के सफल चुनाव के लिए हार्दिक बधाई। संयुक्त राज्य अमेरिका भारत के साथ अधिक स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध दुनिया बनाने को काम करने के लिए तत्पर है।
ऑस्ट्रेलिया के भारत में उच्चायुक्त बरी ओ फरेल ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में गैर-स्थायी सदस्य के रूप में भारत को चुने जाने को लेकर ऑस्ट्रेलिया काफी खुश है। ऑस्ट्रेलिया संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में समय अनुसार बदलाव का समर्थक रहा है और भारत का स्थाई सदस्य बनने को लेकर समर्थन करता है।
फ्रांस के भारत में राजदूत ईमैन्युअल लेनैन ने कहा कि भारत दुनिया में शांति बनाए रखने के लिए सबसे ज्यादा सैन्य योगदान देता है। एक वैश्विक शक्ति के तौर पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन का समर्थक रहा है। दुनिया में शांति और बहुपक्षीय व्यवस्था में भारत का योगदान महत्वपूर्ण है। फ्रांस भारत के साथ न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सहयोग करना चाहता है।
फिजी के प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनिमारामा ने ट्विटर के माध्यम से भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here