उप्र में 24 घंटों में कोरोना के 1,986 नए मरीज, सक्रिय मामलों की संख्या 17,264 हुई

लखनऊ। प्रदेश में कोरोना का प्रसार तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रतिदिन लगभग दो हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में संक्रमण के 1,986 नए मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य के अपर मुख्य सचिव-स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को बताया कि कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 75 जनपदों में 17,264 हो गई है। अब तक 28,664 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं। वहीं पूरे प्रदेश में अब तक इस वायरस से कुल 1,108 लोगों की मौत हो चुकी है।
अब तक कुल 14,26,303 कोरोना नमूनों की हो चुकी है जांच
उन्होंने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को 46,769 नमूनों की जांच की गई। इनमें आरटीपीसीआर, एंटीजन टेस्ट और ट्रूनैट जांच शामिल है। वहीं अब तक प्रदेश में कुल 14,26,303 कोरोना नमूनों की जांच हो चुकी है।
3,118 पूल के जरिए 17,105 नमूनों की हुई जांच
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 3,118 पूल के जरिए 17,105  नमूनों की जांच की गई। इनमें 2,815 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों की जांच की गई, जिनमें 394 पूल पॉजिटिव आए। वहीं 303 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई, जिनमें 47 पूल पॉजिटिव आए।
इससे पहले गुरुवार को 3,039 पूल के जरिए 18,885 नमूनों की जांच की गई। इनमें 2,907 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों की जांच की गई, जिनमें 432 पूल पॉजिटिव आए। वहीं 432 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई, जिनमें 66 पूल पॉजिटिव आए।
17,267 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
राज्य में इस समय 17,267 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। वहीं 4,115 लोग फैसिलिटी क्वारंटाइन में हैं। फैसिलिटी क्वारंटाइन में उन लोगों को रखा गया है जो कि कोरोना संक्रमितों के सम्पर्क में रहे हैं। इनकी कोरोना जांच करायी जा रही है। संक्रमित होने पर इन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वहीं रिपोर्ट निगेटिव आने पर इन्हें घरेलू एकांतवास में रहना होगा।
3.04 लाख लोगों को किया जा चुका है फोन
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘आरोग्य सेतु’ एप डाउनलोड करने वालों के जो अलर्ट मिल रहे हैं, उन्हें सम्बन्धित जनपदों को भेजा जा रहा है। वहीं कन्ट्रोल रूम के जरिए जो लोग संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आये हैं, उन्हें फोन करके इसकी जानकारी दे रहे हैं। अब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 भी इसमें मदद कर रही है और उसके जरिए भी लोगों को फोन किया जा रहा है। अभी तक 3,04,635 लोगों को फोन किया जा चुका है। इन्हें सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
6.39 करोड़ लोगों के बीच पहुंची स्वास्थ्य टीमें
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर सर्वे कर रही हैं। अभी तक कुल 30,366 क्षेत्रों में 1,73,089 टीमों ने 1,25,47,145 घरों के 6,39,50,402 करोड़ लोगों का सर्वेक्षण किया है।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here