कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार को सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की तिर्वा शाखा के चुनाव में बवाल हो गया। शाखा प्रतिनिधि (अध्यक्ष) चुनाव के मतदान में सपा-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प के बाद जमकर ईंट पत्थर चले। पथराव से मतदान स्थल पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने लाठियां पटककर कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। सपाइयों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया है।

एक दूसरे पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया
तिर्वा स्थित उमर्दा ब्लॉक कैंपस में मंगलवार को सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। लेकिन कुछ वोटरों ने अपनी पर्ची छीन कर फाड़े जाने और फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। फर्जी वोटिंग को लेकर सपा से जुड़े लोगों ने विरोध जताया। प्रशासन पर पक्षपात कर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर सपाई धरने पर बैठ गए। इस बीच भाजपाई भी सामने आ गए तो दोनों के बीच पथराव शुरू हो गया। पथराव से मतदाताओं में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को संभाला।

इसके बाद तिर्वा, ठठिया, इंदरगढ़, तालग्राम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति सामान्य होने के बाद मतदान दोबारा शुरू कराया गया। जिलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि वोटिंग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। पक्षपात का आरोप गलत है।














