महोबा में ट्रक की टक्कर से 2 बच्चों की मौत, सीएम ने जताया दुख

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के महोबा में गुरुवार सुबह साइकिल से कोचिंग जा रहे छात्रों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पर मुख्यमंत्री योगी ने दु:ख व्यक्त कर मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

महोबा की कुलपहाड़ कोतवाली के इंचार्ज रवीन्द्र तिवारी ने बताया कि सुगिरा गांव के पास कोंचिंग पढ़ने जा रहे बच्चे को पीछे से एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी। दो बच्चे घायल हैं। उनकी हालत ठीक है। चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी खोजबीन जारी है।

उधर घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दुर्घटना में घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित किये जाने का निर्देश देने के साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की अनुमन्य सहायता प्रदान किये जाने तथा इस दुर्घटना के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने ट्वीट कर कहा कि जनपद महोबा में अनियन्त्रित ट्रक द्वारा साइकिल सवार छात्रों को रौंदे जाने की हृदय विदारक दुर्घटना की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि हताहत हुए छात्रों के परिवार को यह दुख सहन करने का साहस एवं संबल दें। साथ ही प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को पीड़ितों को हर संभव राहत प्रदान करने, घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि महोबा में कोचिंग जाते समय अनियंत्रित ट्रक ने दर्जनभर छात्रों को टक्कर मारी, 2 छात्रों की मृत्यु एवं अन्य छात्र घायल। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना। मृतक छात्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि दे घायल छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था करे सरकार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here