सीतापुर में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी समेत 5 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में 2 महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। सभी हरदोई में मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे।
हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 22 लोग सवार थे। पीछे से ट्रक की टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच सड़क पर पलट गई। उसमें सवार लोग नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें…


अब पूरी घटना पढ़िए…
हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र के नारीखेड़ा गांव निवासी हरिनाम के 7 साल के बेटे अभी का शुक्रवार को मुंडन संस्कार था। हरिनाम ने घर से करीब 4 किमी दूर शिव मंदिर में बेटे का मुंडन कराया। इसमें परिवार, रिश्तेदार और ससुराल के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के बाद शाम को हरिनाम परिवार और रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीतापुर स्थित अपनी ससुराल, बरगवां गांव जा रहे थे। ट्रॉली में कुल 22 लोग सवार थे। ससुराल से करीब 7 किमी पहले पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। उसमें सवार लोग नीचे दबकर घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली में दबे घायलों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को सीएचसी पिसावां और महोली पहुंचाया गया।
हादसे में प्रेमवती (50), आशा (73), चमेली (55), गुड़िया, रूबी (28), कल्पना (30), कंचना (12), दुलारी (30), रामबेटी (48), रामदेवी (50), रामसुखी (55), जाह्नवी (12), मुन्नी देवी, जीतू (10), मायावती (65) और उन्नति (12) घायल हुए हैं।
प्रेमवती के दाहिने पैर में चोट आई है। दुलारी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्रेमवती और उन्नति की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीतापुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

महोली सीएचसी में पांच महिलाओं की मौत
हादसे में घायल पांच महिलाओं को इलाज के लिए सीएचसी महोली पहुंचाया गया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों में काजल पुत्री दाताराम, सुशीला (50) पत्नी विष्णु, रूबी (22) पुत्री विष्णु और सुनीता (40) पत्नी रामकुमार, रामवती (55) पत्नी भरोसे शामिल हैं। सुशीला और रूबी मां-बेटी थीं। ये सभी बरगवां गांव की रहने वाली थीं।
डीएम ने घायलों का हाल जाना
डीएम राजा गणपति आर घटना के बाद जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
CM योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की मदद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।













