संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत: प्लॉट खरीदने के लिए 5 लाख रुपए मांगने का आरोप

ललितपुर। जिले में दहेज की मांग न पूरी करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने एक महिला का इतना उत्पीड़न किया कि उसकी मौत हो गई। महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत होने के मामले में पुलिस ने पति,सास, देवर सहित सात लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, ललितपुर कोतवाली सदर क्षेत्र के रावतयाना निवासी सोनम पत्नी सलमान (28) की गुरुवार की शाम संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार को मृतिका सोनम के भाई की शिकायत पर पति सहित सात लोगों पर मामला दर्ज कराया है।

पांच साल पहले हुई थी सोनम की शादी

ललितपुर के अशोक नगर के ग्राम ईशागढ के मोहल्ला करनलगंज निवासी शारिक खान ने बताया कि उसने अपनी बहन सोनम की शादी 5 वर्ष पूर्व 4 अप्रैल 2016 में मवेशी बाजार निवासी सलमान पुत्र शरीफ खां के साथ की थी। लेकिन दहेज मांगे जाने पर उसने बाद में मोटरसाइकिल, टीवी, फ्रिज, कूलर आदि सामान दे दिया था। लेकिन उसके बाद भी वह उसकी बहन से दहेज की मांग करते थे व मारपीट करने लगे।

प्लॉट खरीदने के लिए मांग रहे थे पांच लाख रुपए

यही नहीं 5 लाख रुपए की मांग प्लाट खरीदने के नाम पर की जा रही थी। 20 जनवरी को उसकी बहन सोनम के साथ पति, सास, ननंद, देवर ने मारपीट की। जिससे 21 जनवरी की शाम उसकी बहन की संदिग्धावस्था में मौत हो गई।

इधर मृतक महिला के ससुर ने बताया कि उसकी बहु ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शहर कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति सलमान, ननद आयशा, रजिया, शबनम, देवर टिंकू, बहनोई सुलेमान व सास जुलेखा के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here