अलीगढ़। जिले में स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर सोमवार की सुबह लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। यहां स्टैंड पर खड़ी राजस्थान रोडवेज की बस में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा है।
बस पूरी तरह जलकर राख
थाना बन्नादेवी इलाके में सरसौल चौराहे स्थित सैटेलाइट बस स्टैंड है। यहां सोमवार सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। राजस्थान रोडवेज की बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते आग की लपटों ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी।
ड्राइवर व कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
रोडवेज प्रबंधन के अनुसार सुबह 6:30 बजे राजस्थान रोडवेज की बस को लाकर अलीगढ़ के सरसौल स्थित सैटेलाइट बस स्टैंड पर खड़ा किया गया था। बस के ड्राइवर व कंडक्टर दोनों लोग बस के अंदर सो रहे थे। तभी अचानक बस के अंदर आग लग गई। बस के अंदर धुआं भर गया। जिसके कारण ड्राइवर व कंडक्टर का दम घुटने लगा। दोनों की नींद खुली तो देखा तो बस के अंदर आग लगी हुई थी। जैसे-तैसे कर दोनों ने बस से कूद कर अपनी जान बचाई।













