उन्नाव। दलित लड़कियों की हत्या में गिरफ्तार दूसरा आरोपी भी बालिग निकला है। पुलिस ने दीप सागर उर्फ विनय उर्फ लंबू और सचिन को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया। इसके बाद दोनों को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आधार कार्ड से 19 साल का निकला सचिन
असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव में बुआ-भतीजी की हत्या में गिरफ्तार सचिन को उसके परिवार ने नाबालिग बताया था। इस पर IG लक्ष्मी सिंह ने केस का खुलासा करते वक्त उसका नाम भी नहीं उजागर किया गया था। लेकिन उसके परिजनों से उसका आधार कार्ड मंगवाया गया। जिसमें उसकी उम्र 19 साल निकली।
सांसद कौशल किशोर बोले- बेटी तो नहीं लौटेगी मगर सरकार करेगी पूरी मदद
लखनऊ में मोहनलाल से भाजपा सांसद कौशल किशोर ने उन्नाव में मृत दलित लड़कियों के परिवार से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। यह भी कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा दिलाई जाएगी। बशर्ते समझौता न कर लिया जाए। मुख्यमंत्री योगी पल-पल का अपडेट ले रहे हैं। उनके कहने पर ही आज मैं यहां आया हूं।
उधर, आज घटना के चौथे दिन केंद्र सरकार ने अपने प्रतिनिधि के रुप में लखनऊ में मोहनलालगंज लोकसभा से भाजपा सांसद कौशल किशोर को बबुरहा गांव भेजा। जहां सांसद ने पीड़ित तीनों परिवारों से मुलाकात की। सांसद ने बताया कि मैंने मुख्यमंत्री योगी से भी इस प्रकरण में मुलाकात की है। वे खुद इस घटना की पल-पल अपडेट ले रहे हैं। सभी दोषी पकड़े जा चुके हैं। उन्होंने सरकार फांसी की सजा दिलाएगी। बशर्ते पीड़ित परिवार समझौता न कर ले।
सांसद ने कहा कि यह इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था से जोड़ना गलत है। जिन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है, उनको फांसी होनी चाहिए। आरोपियों ने विश्वास में लेकर जहर मिला पानी पिला दिया। अगर बेटियां यह बात जानती तो जहर मिला पानी पीती क्यों? हम बेटियों को तो नहीं लौटा सकते। लेकिन हर संभव मदद की जाएगी। सांसद ने बताया कि पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख की सरकार ने मदद किया है। जमीन के पट्टे भी सरकार इनको देगी। ताकि वह अपनी रोजी-रोटी कमा सके और जमीन के मालिक भी बन सकें।

यह है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दलित लड़कियों की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि एकतरफा प्यार के चलते ये घटना हुई है। एक आरोपी दलित लड़की को जानता था और उससे प्यार का इजहार किया था। इनकार पर लड़के ने पानी की बोतल में कीटनाशक मिलाकर लड़की को पिला दिया। अनजाने में यही पानी बाकी दोनों लड़कियों ने भी पी लिया। 17 फरवरी को बबुरहा गांव में खेत में तीन लड़कियां संदिग्ध हालात में मिली थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। दो की मौत हो गई और एक का इलाज कानपुर में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक है।













