शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र में दो बच्चियों का अपहरण कर एक की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी बच्ची मरणासन्न स्थिति में मिली है जिसे इलाज के लिए पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कांट थाना क्षेत्र के रहने वाले शख्स की पांच साल की बेटी गांव के एक मदरसे में पढ़ती थी। सोमवार को दोपहर में वह अपनी चचेरी बहन के साथ मदरसे में पढ़ने के लिए निकली थी। शाम को जब दोनों घर वापस नहीं आईं तो घरवालों ने तलाश शुरू की।
पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर एक खेत में पांच साल की मासूम का शव मिला। उसके चेहरे पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। काफी देर तलाशने के बाद रात करीब सवा 11 बजे चचेरी बहन भी मरणासन्न अवस्था में मिली, जिसे आननफानन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
एसपी एस आनंद ने बताया कि अभी घरवाले किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि बच्ची की मौत कैसे हुई। जो बच्ची जिंदा मिली है, उसको तत्काल इलाज मुहैया कराना प्राथमिकता है।
पांच साल की मासूम और उसकी चचेरी बहन को किसी वजनदार वस्तु से मारा गया है। मरा हुआ समझकर हमलावर उन्हें छोड़ कर गए। मृत बच्ची के मुंह से काफी खून निकल रहा था जिसको देखकर लग रहा है कि बहुत बेदर्दी से किसी चीज से कुचला गया है।
गंभीर हालत में मिली दूसरी बहन के सिर पर चोट लग रही है। घरवाले किसी रंजिश से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के प्रयास से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पुष्ट होने की बात कह रहे हैं। कांट पुलिस ने रात में ही इलाके के अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। वहीं देर रात साढ़े बारह बजे एडीजी और आईजी वारदात स्थल पर निरीक्षण के लिए पहुंचे।
एसपी सिटी संजय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट या दूसरी बच्ची के होश में आने के बाद वारदात की वजह समझ में आएगी। फिलहाल बच्ची के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है।













