मृत महिला जिंदा लौटी, पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की हुई थी पुष्टि

बांदा। जिले में एक मृत घोषित हो चुकी महिला जिंदा वापस लौट आई है। कुछ दिन पहले एक महिला लापता हो गई थी। परिजनों ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। तलाशी के दौरान पुलिस को एक शव मिला, जिसे लापता महिला का मानकर पोस्टमार्टम करवाया गया और रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। लेकिन शनिवार को मृत घोषित हो चुकी महिला थाने पहुंच गई।

Advertisement

पुलिस ने जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र की केन नदी से एक महिला का शव बरामद किया था। गुरुवार को पुलिस ने लातपा जय देवी (25) का शव मानकर पोस्टमार्टम करवाया था। जय देवी की कथित हत्या के मामले में उसके पिता ने ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।

जसपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पंकज सिंह ने शनिवार को बताया, ’20 फरवरी से लापता नांदादेव गांव के बिलोड़ी डेरा के रहने वाले लालजी निषाद की पत्नी जय देवी (25) शनिवार को खुद थाने पहुंच गई।’ उन्होंने बताया, ‘बुधवार को केन नदी के अमारा गांव के पथरेल घाट से एक महिला का शव बरामद हुआ था, जिसकी शिनाख्त रमेश निषाद ने अपनी बेटी जय देवी के रूप में की थी और उसने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया था।’ सिंह ने बताया, ‘गुरुवार को हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।

एसएचओ ने बताया कि लापता महिला जय देवी के जिंदा मिलने के बाद अब केन नदी से बरामद अज्ञात महिला शव के बारे में आसपास के थानों से लापता महिलाओं की सूची मंगवाई गई है। जल्द ही इस बारे में खुलासा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शव की गलत शिनाख्त करने और दहेज हत्या का फर्जी मामला दर्ज करवाने के लिए जय देवी के पिता रमेश निषाद के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here