प्रयागराज। पुलिस गुरुवार रात प्रसव पीड़ा से कराह रही एक महिला के लिए मसीहा बनकर आई। मामला कौंधियारा थाना क्षेत्र का है। यहां जारी चौकी में तैनात दो कांस्टेबल दीपक पांडेय और जितेंद्र यादव रात् 2 बजे गश्त पर थे, तभी अचानक एक ऑटो दिखा। जिसमें एक महिला दर्द से परेशान होकर तड़प रही थी।
सिपाहियों ने पूछताछ की तो पता चला कि ऑटो में एक महिला प्रसव पीड़ा से तड़प रही है। ऑटो खराब होने की वजह से अस्पताल नहीं ले जा पा रहे हैं। इतना सुनते ही दोनों सिपाहियों ने महिला को अपनी गाड़ी से परिवार सहित अस्पताल पहुंचाया। जहां शुक्रवार सुबह पांच बजे महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
पहाड़ी गांव का रहने वाला परिवार
दरअसल, बारा कोतवाली के गींज पहाड़ी गांव के रहने वाले नीरज सिंह की पत्नी तनु सिंह गर्भवती थी। गुरुवार की आधी रात अचानक तनु को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द ज्यादा होने की वजह से नीरज सिंह और उनकी मां ने गांव के ही एक ऑटो वाले को बुलाया और लाद फांदकर जसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। जारी पुलिस चौकी के पास ऑटो बिगड़ गई। दूसरी तरफ तनु की हालत लगातार खराब हो रही थी।
इसलिए सब परेशान रहे थे। लेकिन उसी समय पहुंचे दोनों सिपाहियों ने तनु और उनके घर वालों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जहां तनु ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। पुलिस वालों के सहयोग से पूरा परिवार खुशी से गदगद है और उनकी वाहवाही करते नहीं तक रहा है। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है। सिपाहियों ने अच्छा काम किया है।













