बरेली। गुरुवार रात एक लकड़ी व्यापारी के मकान में घुसे चोरों का पुलिस से आमना सामना हो गया। इस बीच एक चोर दबोच लिया गया, लेकिन दूसरे ने खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह कैंट इलाके का रहने वाला था। इसके बाद सिपाहियों ने अपने अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने मौके से दो तमंचा और दो कारतूस बरामद किया है। चोरी के इस प्रकरण में दो आरोपी फरार हैं, उनकी पुलिस टीम तलाश कर रही है।
घर के बाहर खड़ी थी कार, भीतर सामान खंगाल रहे थे चोर
बुधवार की रात फरीदपुर थाना क्षेत्र में के लाइन पार मठिया क्षेत्र में करीब 1 बजे गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों (चीता मोबाइल टीम) को एक कार मिली थी। पुलिस ने कार ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बरेली से सवारी छोड़ने आया है। पुलिसकर्मियों ने उस समय ड्राइवर का फोटो ले लिया और अपनी गश्त पर चले गए। जब वे दो घंटे बाद करीब ढाई बजे उसी स्थान पर पहुंचे तो देखा कार वहीं खड़ी है। पुलिस कर्मी उसकी तरफ बढ़े ड्राइवर और एक अन्य कार लेकर भाग गए।
पुलिस को उन पर शक हुआ। इस पर पड़ोस में रहने वाले लकड़ी व्यापारी सुखपाल का घर जाकर देखा तो उसका ताला टूटा मिला। पुलिस को इसी बीच खटखट की आवाज सुनाई दी। पुलिस कर्मियों ने तुरंत थाने को सूचना दी। सूचना पर थाने से पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने घर में एंट्री की तो देखा बदमाश चोरी कर रहे हैं।
पुलिस ने एक बदमाश रिंकू को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि अजय छत पर भाग गया। पुलिस पीछे दौड़ी तो अजय ने खुद को गोली से उड़ा लिया। मृतक बदमाश अजय कैंट थाना क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मामले की जांच चल रही
एसपी ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि एक बदमाश को पुलिस ने प्रयास करके मौके से गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे बदमाश ने खुद को गोली से उड़ा लिया। मामले की जांच कराई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।