लखनऊ. बच्चो के हाथ में कार की चाबी चले जाने के बाद कितना बड़ा हादसा हो सकता है यह उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में देखने को मिला. मथुरा के बरारी गाँव में मोबाइल पर गेम खेलता हुआ एक बच्चा कार में जाकर बैठ गया. वह काफी देर तक उसी में गेम खेलता रहा. इसी बीच कार लॉक हो गई और वह उसमें से बाहर नहीं निकल पाया. जब तक लोगों को खबर हुई उसकी मौत हो चुकी थी.
बरारी के रहने वाले रिंकू अग्रवाल का बेटा कृष्णा अपने पिता का मोबाइल लेकर कार में बैठ गया और गेम खेलने लगा. इसी बीच कार लॉक हो गई और वह उसे खोल नहीं पाया. दम घुट जाने से कृष्णा की कार में ही मौत हो गई.
कृष्णा कार में बैठकर अपने पिता के मोबाइल पर गेम खेल रहा है इसकी जानकारी घर वालों को नहीं थी. काफी देर हो जाने पर भी जब कृष्णा कहीं नज़र नहीं आया तो गाँव में उसकी खोजबीन शुरू हुई. तमाम लोग उसे ढूंढते रहे लेकिन वह कहीं नज़र नहीं आया. इसी बीच किसी ने उसे कार की पिछली सीट पर लेटे हुए देखा.
उसे निकाला गया तो वह बेहोश था. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.













