लखनऊ। अगले साल यूपी में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसको लेकर अभी से सियासी समीकरण बनने-बिगड़ने शुरू हो गए हैं। ऊपर से लव जिहाद और धर्मांतरण का मुद्दा भी जोर पकड़ रहा है। इन सब के बीच यूपी के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने खास बातचीत की। इसमें उन्होंने ट्टिटर, धर्मांतरण से लेकर यूपी चुनाव से संबंधित सभी मुद्दों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने दावा किया कि इस बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी 300 से ज्यादा सीटें हासिल करेगी। आप भी पढ़िए उस बातचीत के प्रमुख अंश…
सवाल: आपके राज्य में ट्विटर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है क्या आगे कार्रवाई होगी?
जवाब: सार्वजनिक रूप से कोई भी प्लेटफॉर्म हो चाहे वह ट्विटर हो या फेसबुक या प्रिंट मीडिया कोई भी हो, उसे हर बात का ध्यान रखना चाहिए। किसी खबर को गलत ढंग से प्रस्तुत करना सही नहीं है। उसने कई एकाउंट भी बैन कर दिए, जो गलत है। ट्विटर ने गलती की है और हमने केस दर्ज किया है। जांच हो रही है, निश्चित रूप से कार्रवाई भी होगी।
सवाल: देश में धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में जम्मू कश्मीर और आपके राज्य में भी सामने आये हैं, इस पर आपका क्या कहना है?
जवाब: उतर प्रदेश हो या देश का कोई अन्य राज्य किसी को भी झूठ बोलकर बहलाकर या फिर धोखा देकर, लालच देकर धर्मांतरण करवाने का कोई अधिकार नहीं है। कोई अपनी मर्जी से धर्म बदलें तो रोक नहीं है लेकिन नाम बदल कर या भेष बदलकर किसी लड़की को फंसाने का अधिकार किसी को नहीं है। अगर किसी के साथ कोई जबरदस्ती करेगा तो उसके लिए जेल भी है और कानून भी है।
सवाल: आप 2022 के चुनाव में किन सफलताओं को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रहे हैं?
जवाब: हमारे विरोधियों के पास कोई मुद्दा ही नहीं है। हम 2022 में 300 से भी ज्यादा सीटें जीतेंगे। हम लगातार जनता की सेवा कर रहे हैं और मजबूती से हम फतह करने वाले हैं।
सवाल: चर्चा है कि CM योगी पहली बार आपके घर आए थे, तो इस मुलाकात में क्या खास बातचीत रही?
जवाब: मीडिया को मालूम नहीं है कि योगी जी मेरे घर पहली बार आए थे कि वे चौथी बार आए थे। मेरे घर पर CM साहब कई बार आए हैं। इस बार आप लोगों ने खबर बना दी। हम दोनों ही एक दूसरे के यहां आते-जाते रहते हैं। मीडिया ने कहा है कि मनमुटाव चल रहा है। लेकिन, हमारे मन में कोई मुटाव नहीं है और न ही मुख्यमंत्री के मन में कोई बात है। हम एक थे और एक है और आगे भी एक ही रहेंगे। तीन बार हमने सप- बसपा और कांग्रेस को हराया है आगे चौथी और पांचवीं बार भी हराएंगे ।
सवाल: दिल्ली के दरबार में आपकी सरकार में फेरबदल को लेकर काफी चर्चा है, क्या यह सच है?
जवाब: जो दिल्ली में खबर है और वह लखनऊ में नहीं है और जो लखनऊ में है वह मैं आपको बता रहा हूं। हमारे यहां बदलाव की कोई बात है ही नहीं। यह सब कल्पना है इसमें दूर-दूर तक कोई भी सच्चाई नहीं है
सवाल: खबर है कि समाजवादी पार्टी में पूरा परिवार एकजुट हो गया है, क्या उससे भाजपा पर फर्क पड़ेगा?
जवाब: नही कोई फर्क नहीं पड़ेगा। समाजवादी पार्टी ने तो बसपा के साथ भी हाथ मिलाकर देख लिया है। जब ये दोनों दल एक होकर भाजपा को नहीं रोक पाए तो आज परिवार एक होकर भाजपा को क्या रोक पाएगा ? इससे भारतीय जनता पार्टी को कोई फर्क पढ़ने वाला नहीं है।
सवाल: ओवैसी ने इस बार आपके राज्य में किस्मत आजमाने की ठानी हैं। आपको क्या लगता है?
जवाब: उनका यहां कोई जनाधार नहीं है। वे आएं या जाएं उन्हें कोई लाभ नहीं होने वाला। जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और हम निश्चित रूप से 2022 में 300 से अधिक सीटें लेकर सरकार बनाएंगे।
सवाल: आप अपने विरोधियों को क्या कहना चाहेंगे?
जवाब: हमारी उनको शुभकामनाएं है कि वे चुनाव में अपनी जमानत बचाने में सफल हो जाएं।













