पीलीभीत। जिले के चूने वाली गली में रहने वाली एक महिला ने अपनी भाभी पर ही भाई की हत्या का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी का अन्य पुरुषों के साथ अवैध संबंध था, जिसका विरोध उसका भाई अक्सर करता था, इसी के चलते उसके भाई की हत्या की गई है।
जिलाधिकारी के आदेश पर बीते शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने कब्रिस्तान पहुंचकर मृतक के शव को कब्र से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान वहां सैकड़ों की भीड़ एकत्रित हो गई। बता दें कि पुलिस ने इस पूरे मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, इसमें मृतक की पत्नी भी शामिल है।
पत्नी पर हत्या का आरोप
दरअसल, गफ्फार खान मोहल्ला के चूने वाली गली की रहने वाली रुखसाना जरीन ने सुनगढ़ी थाने में तहरीर दर्ज कराते हुए बताया कि उनका छोटा भाई अदनान हुसैन, गोपाल सिंह मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहता था। लगभग 9 साल पहले अदनान की शादी जूबीया से हुई थी, जो बरेली की रहने वाली थी। शादी के बाद दोनों का एक बेटा हुआ जो इस वक्त सात साल का है।
जरीन ने बताया कि अदनान की अक्सर उसकी पत्नी जूबीया के साथ तकरार होती रहती थी। जरीन का कहना है कि उसकी भाभी जूबीया खुले विचारों वाली महिला हैं। वो अक्सर भाई अदनान के पीठ-पीछे मोबाइल पर चैटिंग और वीडियो कॉल करती रहती थीं। इसे लेकर कई बार उसके भाई से तकरार भी हुई।
शरीर पर थे गंभीर चोट के निशान
रूखसाना ने बताया कि बीते 17 जून की शाम अदनान फल खरीदकर घर जा रहा था, तभी घर के सामने रुखसाना से मुलाकात हुई। उस वक्त वह पूरी तरह से स्वस्थ था। 17-18 जून की रात अज्ञात परिस्थितियों में छोटे भाई अदनान की हत्या उसी मकान में जूबीया ने कर दी। 18 जून की सुबह करीब साढ़े चार बजे के आस-पास जूबीया ने बहनोई इकराम उल रहमान को फोन करके अदनान की मौत की सूचना दी।
रूखसाना ने बताया कि कब्रिस्तान में दफन किए जाने से पहले अदनान की लाश को परिवार के लोगों ने गौर से देखा तो उसकी कमर और हाथ पर गंभीर चोट के निशान थे। भाभी जूबीया और उसके मायके वालों ने आनन-फानन में अदनान के शव को कब्रिस्तान में दफना दिया।













