लखनऊ। शिया मुसलमानों के सबसे बड़े संगठन ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की अहम बैठक सोमवार को लखनऊ में होने जा रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों को बुलाया गया है। बैठक में मुसलमानों से जुड़े अहम मुद्दों के साथ ही जनसंख्या नियंत्रण कानून पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी के बायकॉट पर भी चर्चा हो सकती है।
जनसंख्या नियंत्रण कानून पर होगी चर्चा
बैठक में उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहे हैं जनसंख्या नियंत्रण कानून के मसौदे को लेकर चर्चा हो सकती है। सरकार उत्तर प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना चाहती है। हालांकि इससे पहले योगी सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण पॉलिसी 2021-30 लागू कर दिया है। जनसंख्या नियंत्रण कानून के मसौदे में दो बच्चे की पॉलिसी को लेकर चर्चा हो रही है। कई संगठनों ने इसको लेकर सवाल भी उठाया है और सुझाव भी दिए हैं।
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर होगी चर्चा
यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की बैठक में चर्चा हो सकती है। कहा जा रहा है कि शिया समुदाय इस बैठक में यह तय कर सकता है कि 2022 के लिए उनके मुद्दे क्या होंगे? कौन सा सियासी दल उनकी मुद्दों को उठाएगा ? शिया पर्सनल लॉ बोर्ड चाहता है कि सरकार सच्चर समिति की तर्ज पर शिया मुसलमानों की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति के अध्ययन के लिए अलग से कोई समिति गठित करे। समिति शिया समुदाय के हालात का सर्वेक्षण करके उन्हें उनकी आबादी के हिसाब से हक दे।
कुरान की तौहीन करने वालों के बायकॉट का भी हो सकता है एलान
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की बैठक में कुरान की तौहीन करने वालों को बाय-काट करने पर चर्चा हो सकती है। कहा जा रहा है कि शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी जैसे लोग लगातार कुरान को लेकर जिस तरह का भ्रम फैला रहे हैं, शिया समुदाय ऐसे लोगों का बायकॉट करना चाहता है । संभव है कि कल की बैठक में इसको लेकर कोई बड़ा ऐलान भी हो सकता है।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के अध्यक्ष जनरल सेक्रेटरी मौलाना यासूब अब्बास का कहना है कि शिया मुसलमान अल्पसंख्यकों में भी अल्पसंख्यक हैं। देश में उनकी आबादी लगभग पांच फीसदी ही है। लिहाजा इनकी समस्याओं को लेकर चर्चा करना बैठक का मकसद है।













