लखनऊ। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 2,493 हो है। वहीं अब तक 3,433 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 267 मामले सामने आए हैं। अब तक प्रदेश में इस वायरस से कुल 155 मौतें हुई हैं।
प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि शनिवार को 7,575 कोरोना नमूनों की जांच की गई। इससे पहले शुक्रवार को 8,112, गुरुवार को 7,249, बुधवार को 6,740, मंगलवार को 7,189, सोमवार को 6,870 और विगत रविवार को 6,247 कोरोना नमूनों की जांच की गई थी।
1,094 पूल के जरिए विभिन्न नमूनों की हुई जांच
उन्होंने बताया कि शनिवार को 1,094 पूल के जरिए विभिन्न नमूनों की जांच की गई। इनमें 892 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों और 202 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई। उन्होंने बताया 172 पूल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इससे पहले शुक्रवार को 836 पूल के जरिए विभिन्न नमूनों की जांच की गई। इनमें 659 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों और 177 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई। 143 पूल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सभी नमूनों की अलग-अलग जांच की गई। गुरुवार को 928 पूल के जरिए विभिन्न नमूनों की जांच की गई थी। वहीं बुधवार को 772 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों और 65 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नूमनों का परीक्षण किया गया।
3.58 करोड़ लोगों के बीच पहुंची स्वास्थ्य टीमें
प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर सर्वेश्रण कर रही हैं। अभी तक 90,408 टीमें 71,57,288 घरों के बीच सम्पर्क के लिए पहुंची है। इस दौरान 3,58,88,600 लोगों से सम्पर्क किया है। लक्षण मिलने वालों की जांच करायी गई।
आरोग्य सेतु एप को लेकर 32,091 लोगों को कन्ट्रोल रूम से फोन
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘आरोग्य सेतु’ एप डाउनलोड करने वालों के जो अलर्ट मिल रहे हैं, उन्हें सम्बन्धित जनपदों को भेजा जा रहा है। वहीं कन्ट्रोल रूम के जरिए जो लोग संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आये हैं, उन्हें फोन करके इसकी जानकारी दे रहे हैं।
अभी तक 32,091 लोगों को फोन किया जा चुका है। इनमें 88 लोग संक्रमित होने पर अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। 47 लोग इलाज के बाद ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं। 1,099 लोग एकांतवास (क्वारंटाइन) में हैं।
8,07,147 प्रवासी कामगारों का किया गया सर्वेश्रण
प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य ने बताया कि अब तक आशा कार्यकत्रियों द्वारा 8,07,147 प्रवासी कामगारों का सर्वेश्रण किया जा चुका है। इनमें 873 में कोई न कोई लक्षण मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना दी, जिसके बाद जांच करायी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ग्राम और मोहल्ला निगरानी समितियां इस बात का ध्यान रखें कि घरेलू एकांतवास (होम क्वारंटाइन) में भेजे गये लोग निर्धारित समय तक नियमों का पालन करें, बाहर नहीं निकलें। शासनादेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि घरेलू एकांतवास में रहने वाले लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं तो उन्हें एकातंवास केन्द्रों में भेजा जाए।
3,000 से अधिक निजी चिकित्सालयों में इमरजेन्सी सेवाएं प्रारम्भ
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सरकारी अस्पतालों द्वारा इमरजेन्सी सेवाएं दी जा रही हैं। लेकिन, अब 3,000 से अधिक निजी चिकित्सालयों में इमरजेन्सी सेवाएं प्रारम्भ हो गई हैं। इसके अलावा अब जरूरी सर्जरी भी की जा सकेंगी। इससे अभी तक रुके आवश्यक ऑपरेशन किये जा सकेंगे। हालांकि, ओपीडी अभी भी बन्द रहेंगी।
Advertisement













