लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से अब तक 23 लाख से अधिक कामगारों, श्रमिकों को प्रदेश वापस लाया गया है। राज्य सरकार इन सभी की सुरक्षित व सम्मानजनक वापसी के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने रविवार को अपने सरकारी आवास पर लॉकडाउन की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य वापस आने वाले सभी श्रमिकों व कामगारों की स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यकतानुसार एकांतवास केन्द्र (क्वारंटाइन सेन्टर) या घरेलू एकांतवास (होम क्वारंटाइन) पर भेजा जाए। घरेलू एकांतवास जाने वाले कामगारों को खाद्यान्न किट अवश्य दी जाए तथा इनके राशन कार्ड भी बनाए जाएं। साथ ही, इन्हें घरेलू एकांतवास के दौरान 1,000 रुपये का भरण-पोषण भत्ता भी उपलब्ध कराया जाए।
कामगारों को रोजगार मुहैया कराकर सामाजिक सुरक्षा की गारन्टी
मुख्यमंत्री ने कामगारों, श्रमिकों को सेवायोजित करने के लिए एक माइग्रेशन कमीशन गठित करने की रूपरेखा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके तहत इन कामगारों को रोजगार मुहैया कराकर इन्हें सामाजिक सुरक्षा की गारन्टी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कामगारों की स्किल मैपिंग की जाए और उनका सारा ब्योरा इकट्ठा किया जाए। इसके बाद उन्हें रोजगार मुहैया कराकर मानदेय दिया जाए।
कामगारों को मिलेगा राज्य स्तर पर बीमा का लाभ
कृषि विभाग तथा दुग्ध समितियों इत्यादि में इन्हें बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कामगारों को राज्य स्तर पर बीमे का लाभ देने की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे इनका जीवन सुरक्षित हो सकेगा। ऐसी कार्य योजना तैयार की जाए, जिससे कामगारों को रोजगार सुरक्षा मिल सके।
पैकेज के तहत आवास निर्माण के लिए केन्द्र को भेजें प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज के तहत आवास निर्माण के लिए केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने इस पैकेज में किराए का मकान देने की योजना को भी शामिल करने के लिए कहा। आवास योजना के तहत किराए पर मकान उपलब्ध कराने की व्यवस्था से जरूरतमंदों को कम किराए पर आवास उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पीएम आर्थिक पैकेज के तहत उत्तर प्रदेश को पूरा लाभ मिले, इसके लिए कार्य योजना बना ली जाए।
पीआरवी 112 की वैन लगातार करें पेट्रोलिंग
मुख्यमंत्री ने लाॅकडाउन को सख्ती से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी नियमित रूप से फुट पेट्रोलिंग करें और कहीं भी भीड़ एकत्रित न होने देें। पीआरवी 112 की वैन लगातार पेट्रोलिंग करती रहें। उन्होंने सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों को कोरोना अस्पतालों इत्यादि का नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
निगरानी समितियां सक्रियता से करें कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले कामगारों, जरूरतमंदों इत्यादि को भोजन पैकेट बाटे जाएं, ताकि कोई भी भूखा न रहे। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कोरोना संक्रमितों की निगरानी के लिए गठित की गई निगरानी समितियां पूरी सक्रियता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। चिह्नित जोखिम क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) में डोर स्टेप डिलीवरी प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए। शारीरिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का पालन हर हाल में हो।
टिड्डी दल से फसलों को बचाने के लिए उठाये जाएं कदम
उन्होंने टिड्डी दल से फसलों को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम के मद्देनजर बुन्देलखण्ड में पेयजल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहां किसी भी हाल में पानी की कमी न होने पाए।
विशेष सचिव स्तर के अधिकारी लगातार करें निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव राजस्व को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि विशेष सचिव स्तर के जो अधिकारी शासन द्वारा जनपदों में भेजे गए हैं, वे नियमित रूप से सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) और एकांतवास केन्द्र (क्वारंटाइन सेन्टर) का निरीक्षण करें। साथ ही, मजदूरों को राशन किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए और इनके बैंक खाते खोलने की भी व्यवस्था की जाए।
पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय से लॉकडाउन होगा सफल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और प्रशासन आपस में अच्छा समन्वय स्थापित करें, तभी लाॅकडाउन सफल हो सकेगा। उन्होंने मास्क न पहनने वालों का चालान करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को आजीविका मिशन के तहत निर्मित मास्क उपलब्ध कराए जाएं। मार्ग दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
एमएसएमई सेक्टर में रोजगार की असीम सम्भावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के एमएसएमई सेक्टर में भी रोजगार की असीम सम्भावनाएं मौजूद हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कोरोना से जंग के मद्देनजर प्रदेश में मानक के अनुरूप पीपीई किट्स, एन-95 मास्क, थ्री लेयर मास्क व अन्य उपकरणों का निर्माण एमएसएमई के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एनस्थीसियोजलाॅजिस्ट की हो नियमित तैनाती
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अस्पतालों में मौजूद वेण्टीलेटर फंक्शनल होने चाहिए। सभी जगह एनस्थीसियोजलाॅजिस्ट की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा टेस्टिंग क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘ट्रू नेट’ मशीनें मगांकर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने टेस्टिंग क्षमता 10,000 तक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एकांतवास केन्द्रों पर पल्स ऑक्सीमीटर्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा तथा प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए।
ईद पर पुलिस व प्रशासन संयुक्त रूप से करे पेट्रोलिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार को ईद है। इसके मद्देनजर पुलिस व प्रशासन संयुक्तरूप से पेट्रोलिंग करें। कोरोना संक्रमण के कारण ईद पर कोई समारोह आयोजित न किया जाए। सभी मुस्लिम भाई स्वयं को इस संक्रमण से बचाते हुए घर पर ही ईद मनाएं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में माइनिंग सामग्री जैसे बालू, गिट्टी, मौरंग इत्यादि की भरपूर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में इन खनिजों की कमी न होने पाए। उन्होंने कहा कि यह सभी सामग्री उचित और निर्धारित मूल्य पर ही जनता को मिले।
Advertisement













