बलिया। कोरोना काल में गरीबी का दंश झेल रहे कुछ गरीब मुस्लिम परिवारों के लिए उनके इलाके की पुलिस अचानक फरिश्ता बन कर पहुंची। पुलिस की दरियादिली इन मुस्लिम परिवारों के ईद की खुशियां बन गई।
जब से कोरोना का संकट बढ़ा है। लोगों की जिंदगी में दुश्वारियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में पुलिस ने सबसे आगे रहकर लोगों की मुसीबतों को कम करने का प्रयास किया है। बलिया पुलिस के दुबहड़ थाने के निरीक्षक रंजीत सिंह भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके दर्जनों परिवारों को परेशानियों से उबारा है। रविवार को भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया।
दरअसल, जिले के दुबहड़ थाने के प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह को जानकारी मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम नगवा बयासी दादा के छपरा के कुछ मुस्लिम गरीब परिवार पूर्णबन्दी (लाकडाउन) हो जाने के कारण भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं। उनके लिए ईद जैसे महत्वपूर्ण त्योहार की खुशी मनाने में काफी कठिनाई ही रही है।
यह जानकारी मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक ने सभी परिवारों को पास के अखार चट्टी पर बुलाकर पुलिस पब्लिक अन्नपूर्णा बैंक के माध्यम से खाद्य सामग्री बांटी। इसमें आटा, चावल, दाल, तेल, मसाला, नमक, सेवई, सब्जी, आलू, प्याज व बैगन शामिल था। राशन के पैकेट पाते ही सभी दस परिवारों के चेहरे पर खुशियां छा गईं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जो भी जरूरतमंद हैं, आगे भी उनको खाद्य सामग्री वितरित किया जाएगा।













