लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब महानगर क्षेत्र के रहीमनगर स्थित टुंडे कबाबी आउटलेट के बाहर अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था, जिससे मौके पर मौजूद स्टाफ और ग्राहकों में हड़कंप मच गया था। हालांकि, थोड़ी देर की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है, जिस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
दरअसल, शनिवार दोपहर 3:54 बजे फायर स्टेशन कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रहीमनगर स्थित पिकनिक स्टॉल रोड पर स्थित टुंडे कबाबी के पास आग लग गई है। जानकारी मिलते ही एफएसओ रामकुमार रावत फायर टेंडर और पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। घटनास्थल पर पहुंचकर पता चला कि दुकान के सामने रखा जनरेटर आग की चपेट में आ गया था। देखते ही देखते भभकती लपटें तेजी से ऊपर उठी। बाहर लगी प्रचार फ्लेक्सी को भी आग की चपेट में ले लिया था।
अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गई
जेनरेटर में आग लगने से धू-धू पर सब जल रहा था। आग बढ़ने की वजह से उसकी लपटें दुकान के अंदर की ओर बढ़ रही थी। आग पर काबू पाने के लिए तुरंत फायर स्टेशन इंदिरानगर और फायर स्टेशन हजरतगंज की अतिरिक्त यूनिटों को भी मौके पर बुला लिया गया था। सभी यूनिटों ने मिलकर कार्रवाई की। जिससे थोड़ी देर में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया था।
वहीं, इसमें सबसे राहत की बात यह रही कि आग दुकान के अंदर नहीं पहुंची और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, टुंडे कबाबी होटल के बाहर रखा जनरेटर, प्रचार फ्लैक्स जलकर राख हो गया है।













